बजरंग बहादुर सोनी.उमरिया/ भोपाल 


जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोकथाम के लिए प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय के निर्देशन में गठित खनिज विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर एक जेसीबी मशीन सहित तीन वाहन जब्त किए हैं।

जानकारी के अनुसार, बांधवगढ़ तहसील के सिंगलटोला रेलवे फाटक के पास उमरिया-शहपुरा मार्ग पर जांच के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली (वाहन क्रमांक एमपी 54 जेड 2014) को मिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वाहन चालक के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए, जिसके बाद वाहन को जब्त कर लिया गया।

इसी प्रकार 14 मई को पाली तहसील के बेली-मुदरिया मार्ग के किनारे निजी भूमि से अवैध रूप से मिट्टी/मुरूम का उत्खनन कर परिवहन करते पाए जाने पर एक जेसीबी मशीन (एमपी 18 डीए 0473) तथा दो मेटाडोर वाहन (एमपी 18 जीए 5255 एवं एमपी 18 जीए 4978) को भी जब्त किया गया।

बताया गया कि ये वाहन निर्माणाधीन मुदरिया प्लेटफार्म की भराई के लिए अवैध रूप से मिट्टी का परिवहन कर रहे थे। सभी वाहनों को थाना पाली परिसर में अभिरक्षा में रखा गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि म.प्र. खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत संबंधित मामलों में कार्रवाई जारी है। खनिज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिले में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।