एवीएस न्यूज. मानपुर/ भोपाल
 अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) मानपुर श्रीमती हरनीत कौर कलसी की अध्यक्षता में वन अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत व्यक्तिगत, सामुदायिक तथा सामुदायिक वन संसाधन संरक्षण एवं प्रबंधन (सीएफआरआर) से संबंधित दावों की विस्तृत जानकारी दी गई। 


बैठक के दौरान सीएफआरआर की संपूर्ण प्रक्रिया, ग्राम स्तरीय वन अधिकार समिति के गठन, आवश्यक प्रपत्रों की पूर्ति तथा दावा प्रस्तुत करने से लेकर उसके निराकरण तक की सभी प्रक्रियाओं को क्रमवार समझाया गया। अधिकारियों ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों को अधिनियम के प्रावधानों का पालन करते हुए पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध लाभ दिलाने के निर्देश दिए। 


एसडीएम श्रीमती कलसी ने वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत लंबित दावों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने तथा सभी प्रकरणों का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 


उन्होंने कहा कि अधिनियम का उद्देश्य पात्र वनवासियों एवं आदिवासी समुदायों के अधिकारों का संरक्षण करना है, इसलिए सभी स्तरों पर समन्वय के साथ कार्य किया जाए।

बैठक में जनपद सदस्य मानपुर, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ)  सिरोठिया, प्राचार्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।