नई दिल्ली। निजी दूरसंचार सेवा कंपनी भारती एयरटेल की सहायक कंपनी नेक्स्ट्रा डेटा लिमिटेड (नेक्स्ट्रा बाय एयरटेल) ने वित्त वर्ष 2023-24 की तुलना में 2024-25 में कार्बन उत्सर्जन में 15 प्रतिशत अधिक कमी करने में सफलता प्राप्त की है। एयरटेल ने अपनी सस्टेनेबिलिटी रिपोर्ट 2024-25 में यह जानकारी दी है। कंपनी ने सोमवार को बताया कि इस रिपोर्ट में सस्टेनेबिलिटी के तीन स्तंभों में नेक्स्ट्रा की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया है – स्वच्छ ऊर्जा और स्मार्ट संचालन के माध्यम से पर्यावरणीय असर कम करना, सामाजिक समावेश और सुरक्षा को बढ़ावा देना और पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ बेहतर कॉरपोरेट प्रशासन सुनिश्चित करना।


नेक्स्ट्रा बाय एयरटेल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष अरोड़ा ने कहा, “नेक्स्ट्रा में, सस्टेनेबिलिटी एक मुख्य व्यावसायिक आवश्यकता है, जो हमारे हर डिजाइन, निर्माण और संचालन निर्णय में शामिल है। इस साल हमने आरई100 पहल में शामिल होने वाले देश के पहले डेटा सेंटर और केवल 14वीं कंपनी बनकर उद्योग के लिए नये बेंचमार्क स्थापित किये हैं, साथ ही अपने सभी परिचालनों के लिए 100 प्रतिशत नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग के लिए प्रतिबद्ध हैं।

हम ऊर्जा दक्षता और बेहतर परिचालन प्रदर्शन को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग करने वाले देश के पहले डेटा सेंटर भी हैं। नेक्स्ट्रा ने 2024-25 में 4,82,800 मेगावाट आवर नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत से प्राप्त करने के लिए अनुबंध किया जो 2020-21 के आधार वर्ष से तीन गुना अधिक है। वित्त वर्ष 2020-21 के आधार वर्ष की तुलना में औसत ऊर्जा उपयोगिता प्रभाव (पीयूई) को 10 प्रतिशत कम किया।