कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्धारित प्राक्कलन अनुसार नवीन भवन निर्माण हेतु प्रस्ताव भेजने के दिए गए निर्देश


एवीएस न्यूज.उमरिया/ भोपाल
 कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय की अध्यक्षता में कलेक्टर कक्ष में में कंचन खुली खदान से प्रभावित शासकीय भवनों के विस्थापन के संबंध में बैठक संपन्न हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शासकीय परिसम्पतियों को अन्य स्थानों में पुनः स्थापित करने हेतु अपने-अपने विभागों से अनुमति प्राप्त कर निर्धारित प्राक्कलन अनुसार नवीन भवन निर्माण हेतु प्रस्ताव विभागाध्यक्ष को भेजा जावे, यदि विभागाध्यक्ष से उक्त निर्माण कार्य कराया जाना संभव न हो तो एस.ई.सी.एल. के सी.एस.आर. के तहत सुसंगत दस्तावेज सहित प्रस्ताव कलेक्टर को प्रस्तुत करें जिसे नियमानुसार महाप्रबंधक एसईसीएल नौरोजाबाद की ओर भेजा जावेगा।

     बैठक में एस.ई.सी.एल. के अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि घुलघुली में सर्वे कार्य चल रहा है जिसमें 15 घरों का सर्वे अभी बांकी है, जिस पर एस.ई.सी.एल. के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि तत्काल सर्वे कार्य पूर्ण करें एवं शासन के नियम, निर्देशों की प्रति प्रत्येक परिवार को उपलब्ध करावें, कार्य में पारदर्शिता का पालन करें एवं कम्पनी के तीनों विकल्पों (नवीन बसाहट, नौकरी, मुआवजा) के बारे में भी सभी ग्रामीणजनों को अवगत करावें, ताकि वे अपने भविष्य के दृष्टिगत समुचित निर्णय ले सकें।
 कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने कहा कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घुलघुली के पास कंचन खुली खदान की दगान का समय परिवर्तित किया जाए। विद्यालय में छात्रों के अध्यापन के पश्चात् खदान में दगानी (विस्फोट) किया जावे। ताकि छात्रों को किसी प्रकार की हानि की संभावना न रहे।

वर्षा ऋतु के दृष्टिगत एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घुलघुली से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जरहा में छात्रों के परिवहन की व्यवस्था होने तक घुलघुली में ही विद्यालय संचालित किया जावे।


     एस.ई.सी.एल. के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अविलम्ब परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित की जावे। जिला शिक्षा अधिकारी उमरिया को निर्देशित किया गया कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घुलघुली के स्थान पर गहिराटोला में आवंटित शासकीय भूमि पर नवीन स्कूल भवन निर्माण का प्राक्कलन लोक निर्माण विभाग (भवन) उमरिया से तत्काल प्राप्त कर एस.ई.सी.एल. के सीएसआर मद के तहत निर्माण कराये जाने हेतु प्रस्ताव तैयार कर महाप्रबंधक एसईसीएल नौरोजाबाद की ओर अविलम्ब प्रेषित किया जावे। बच्चों के भविष्य के दृष्टिगत इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता से किया जावे।


   कलेक्टर श्रीमती सहाय ने एस.ई.सी.एल. के उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कंचन खुली खदान के संबंध में प्रत्येक स्तर की जानकारी व उसके लिए निर्धारित समय की जानकारी से सभी संबंधित विभागों को अवगत करावें यथा किस ग्राम का सर्वे होना है व आगामी समय पर किस शासकीय भवन का विस्थापन किया जाना है इत्यादि समुचित जानकारी उपलब्ध कराया जावे। जिससे समय रहते संबंधित विभाग अपने भवन के विस्थापन की व्यवस्था सुनिश्चित कर सकें।

उन्होने कहा कि जिन परियोजनाओं का कार्य अब समाप्त हो चुका है व उनकी लीज की समय-सीमा समाप्त हो चुकी है फिर भी खसरे में दर्ज हैं। उन सभी का एन ओ सी संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अनुविभाग पाली/बांधवगढ़ को उपलब्ध कराया जावे ताकि उसमें खसरा सुधार की कार्यवाही की जा सके।

उन्होने कहा कि दिये गये निर्देशों का कढाई से पालन सुनिश्चित किया जावे । बैठक में विभागीय जिला प्रमुख अधिकारी भी उपस्थित रहे।