पंपों में 4, डिपो में 7, टर्मिनल में 12 और रिफाइनरी में 30 दिनों का स्टॉक
सप्लाई चेन पूरी तरह से सामान्य है, 50 दिनों का कच्चा तेल और पेट्रोलियम स्टॉक भंडारित : अजय सिंह
आत्माराम सोनी .भोपाल
राजधानी भोपाल सहित भारत में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। तेल कंपनियों (आईओसीएल , बीपीसीएल , एचपीसीएल ) के वर्तमान में डिपो में 6 से 8 हफ्ते का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। पेट्रोल पंपों पर 4, डिपो में 7, टर्मिनल में 12 और रिफाइनरी में 30 दिनों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, जो देश में ईंधन सुरक्षा सुनिश्चित करता है। यह बात मध्यप्रदेश पेट्रोल पंप ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह ने कही।

पेट्रोल पंपों के संगठन का नेतृत्व कर रहे अजय सिंह ने पेट्रोल-डीजल की स्टॉक की स्थिति के संदर्भ में कहाकि पेट्रोल पंपों पर 4, डिपो में 7, टर्मिनल में 12 और रिफाइनरी में 30 दिनों का पर्याप्त स्टॉक होने के साथ ट्रांसपोर्टेशन लाइन में 8 दिनों का स्टॉक है। इसके अलावा भारत सरकार ने महाराष्ट्र में एक स्टोरेज प्वाइंट बनाया है जहां ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगभग 50 दिनों का कच्चा तेल और पेट्रोलियम स्टॉक भंडारित किया है।
भारत ले सकता है रूस से पर्याप्त मात्रा में तेल
अजय सिंह ने बताया कि ईरान-मिडल ईस्ट में जारी सैन्य तनाव के बीच अमेरिका ने भारत को रूस से कच्चा तेल खरीदने के लिए 30 दिनों की अस्थायी छूट दी है, जिससे भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए बड़ी मात्रा में (लगभग 6 करोड़ बैरल से अधिक) तेल ले सकता है। यह छूट समुद्र में फंसे रूसी तेल के आयात की अनुमति देती है, जो भारत की ऊर्जा सुरक्षा और बाजार में कीमतों को स्थिर रखने में मदद करेगा। इसके अलावा ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में भारतीय टैंकरों को निशाना न बनाने का संकेत दिया है, क्योंकि वह इस रास्ते को मुख्य रूप से अमेरिका, इजराइल और यूरोपीय देशों के जहाजों के लिए बंद कर रहा है। ईरान ने स्पष्ट किया है कि उसका संघर्ष भारत के साथ नहीं है, बल्कि पश्चिमी देशों के साथ है।
भोपाल में 14.5 लाख लीटर डीजल और 9 लाख लीटर पेट्रोल की रोजना खपत
अजय सिंह ने कहाकि शहर के पेट्रोल पंपों द्वारा प्रतिदिन की जाने वाली बिक्री के आधार पर 14.5 लाख लीटर डीजल और 9 लाख लीटर पेट्रोल प्रतिदिन की खपत है। जबकि मध्यप्रदेश में 1643 मीट्रिक टन डीजल और 1232 मीट्रिक टन पेट्रोल की सालाना खपत है। उन्होंने कहाकि कुल मिलाकर सप्लाई चेन पूरी तरह से सामान्य है और घबराहट में की जा रही खरीदारी से कृत्रिम कमी पैदा हो रही है। पेट्रोल को ड्रम या डिब्बों में घरों में रखना अत्यंत असुरक्षित और जानलेवा है, क्योंकि यह एक ज्वलनशील पदार्थ है।

पर्याप्त स्टॉक, लेकिन सिलेंडर बुकिंग के 21 दिनों बाद जारी होगा इनवाइस : आरके गुप्ता
भोपाल गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के आरके गुप्ता ने बताया कि भोपाल और मध्य प्रदेश में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। गैस कंपनियों द्वारा सिंगल सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए 21 दिन और डबल सिलेंडर वालों के लिए 30 दिनों (इनवॉइस/डिलीवरी के लिए) अंतराल का सामान्य नियम जरूर सख्ती से लागू किया है। ताकि घबराहट में बुकिंग और कृत्रिम कमी नहीं हो। वर्तमान अंतरराष्ट्रीय हालातों को देखते हुए राज्य सरकार ने समीक्षा की है और आश्वस्त किया है कि किसी भी प्रकार का कोई संकट नहीं है।
भोपाल में घरेलू एलपीजी सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) की कीमत लगभग 858.50 पर स्थिर बनी हुई है। भोपाल में साढ़े लाख और मध्यप्रदेश में साढ़े 6 करोड़ एलपीजी उपभोक्ता हैं। प्रदेश में 2.3 लाख एलपीजी सिलेंडर की दैनिक खपत के मुकाबले गैस कंपनियों के पास पर्याप्त स्टॉक है।

