पुराने शहर की सड़कें बनीं मुसीबत जुमेराती से बेलदारपुरा मार्ग की उधड़ी सड़क, रोजाना हादसों का खतरा
दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर हो रहे घायल
एवीएस न्यूज.भोपाल
राजधानी भोपाल के पुराने शहर की बदहाल सड़कें अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी और खतरे का कारण बनती जा रही हैं। जुमेराती से बेलदारपुरा तक जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह उधड़ चुका है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे रोजाना छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं।
यह मार्ग पुराने शहर के प्रमुख बाजारों को जोड़ता है, जहां दिनभर भारी ट्रैफिक रहता है। खराब सड़क के कारण वाहन चालकों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है, वहीं दोपहिया वाहन चालक सबसे ज्यादा परेशान हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक बारिश के बाद सड़क की हालत और खराब हो गई है।
व्यापारियों का कहना है कि सड़क की बदहाली का असर कारोबार पर भी पड़ रहा है। ग्राहक बाजार आने से बच रहे हैं, जिससे दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
वहीं क्षेत्र के रहवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार विभाग केवल आश्वासन दे रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने और पूरे मार्ग का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्मार्ट सिटी और विकास के दावों के बीच पुराने शहर की सड़कों की यह हालत प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनआंदोलन किया जाएगा।

