बीपीसीएल बीना रिफाइनरी और स्माइल ट्रेन इंडिया की साझेदारी
मप्र में नि:शुल्क कटे होंठ और तालू की सर्जरी, मिल रही है बच्चों के जीवन में नई उम्मीद
एवीएस न्यूज.भोपाल
भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) बीना रिफाइनरी ने स्माइल ट्रेन इंडिया के साथ अपनी साझेदारी के माध्यम से मध्य प्रदेश के सागर और भोपाल संभाग के बच्चों को जीवन बदलने वाली कटे होंठ और तालू कि उपचार सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। इस पहल की नींव इस विश्वास पर आधारित है कि हर बच्चे को स्वस्थ जीवन की शुरुआत और आगे बढऩे का समान अवसर मिलना चाहिए। यह कार्यक्रम कॉर्पोरेट प्रतिबद्धता, गुणवत्तापूर्ण चिकित्सकीय सेवाओं और जमीनी स्तर पर जागरूकता प्रयासों को एक साथ लाकर यह सुनिश्चित कर रहा है कि संसाधनों की कमी या सेवाओं की अनुपलब्धता के कारण कोई भी कटे होंठ और तालू से प्रभावित बच्चा उपचार से वंचित न रहे।
अक्टूबर 2025 से अब तक सागर और भोपाल संभाग के लगभग 250 बच्चों को इस साझेदारी के अंतर्गत सुरक्षित, नि:शुल्क और गुणवत्तापूर्ण कटे होंठ और तालू की सर्जरी प्रदान की जा चुकी हैं । यह पहल केवल सर्जरी तक सीमित नहीं है, बल्कि दीर्घकालिक और स्थायी प्रभाव पैदा करने पर भी केंद्रित है। कार्यक्रम के अंतर्गत क्षेत्रों में जागरूकता और सामुदायिक संपर्क अभियान सक्रिय रूप से चलाए जा रहे हैं। साथ ही स्माइल ट्रेन का टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर सभी सरकारी जिला अस्पतालों में प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है, ताकि जरूरतमंद परिवार आसानी से जानकारी और सहायता प्राप्त कर सकें। इन प्रयासों से जानकारी की कमी को दूर करने और समय पर पहचान व उपचार को बढ़ावा देने में मदद मिल रही है।
शिरीष चांदेकर, जनरल मैनेजर (एचआर), बीपीसीएल बीना रिफाइनरी ने कहा कि सच्चा कॉर्पोरेट नेतृत्व केवल व्यवसायिक प्रदर्शन तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह हमारे समुदायों के भविष्य में निवेश करने से भी जुड़ा होता है। इस साझेदारी के माध्यम से हम केवल चिकित्सकीय उपचार का ही समर्थन नहीं कर रहे हैं, बल्कि बच्चों को अपना आत्मविश्वास फिर से प्राप्त करने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए सक्षम भी बना रहे हैं। जब हम किसी बच्चे के स्वास्थ्य में निवेश करते हैं, तो वास्तव में हम देश के भविष्य में निवेश करते हैं। अंजली कटोच, हेड ऑफ कम्युनिकेशंस एंड बिजनेस डेवलपमेंट, स्माइल ट्रेन इंडिया, ने कहाकि हर कटे होंठ और तालू कि सर्जरी किसी बच्चे के लिए जीवन का दूसरा अवसर और एक परिवार के लिए उम्मीद की नई किरण होती है। हम बीपीसीएल-बीना रिफाइनरी, के आभारी हैं, जिन्होंने यह समझा कि स्थायी बदलाव तब संभव होता है जब कॉर्पोरेट क्षेत्र सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं के समर्थन में सक्रिय भूमिका निभाता है। साथ मिलकर हम जागरूकता बढ़ा रहे हैं, स्थानीय व्यवस्थाओं को मजबूत कर रहे हैं और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि क्लेफ्ट के साथ जन्मे बच्चे सम्मान और अवसर के साथ अपना जीवन जी सकें।

