जनसुनवाई में कलेक्टर राखी सहाय ने सुनीं 131 आवेदकों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
एवीएस न्यूज.उमरिया / भोपाल
कलेक्टर राखी सहाय ने साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 131 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में नागरिकों ने भूमि विवाद, आवास, पेंशन, अतिक्रमण और शासकीय योजनाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याएं प्रस्तुत कीं।
लालपुर निवासी हीरा सिंह ने नेशनल हाईवे किनारे स्थित खसरा भूमि पर अतिक्रमण तथा शासकीय भूमि से अवैध मिट्टी उत्खनन की जांच की मांग की। वहीं उमरिया निवासी टीपू सुल्तान अंसारी ने झुग्गी-झोपड़ी योजना के तहत पट्टा प्रदान करने का आवेदन दिया।
अकबर अली रमपुरी ने आवास उपलब्ध कराने, चंदिया निवासी प्यारे लाल ने नक्शा तरमीम कराने तथा ग्राम पंचायत उफरी के कई ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर फर्जी बिल लगाकर शासकीय राशि के दुरुपयोग की शिकायत दर्ज कराई।
इसके अलावा पाली निवासी राकेश सिंह ने बकाया वेतन एवं भुगतान दिलाने, ममता बाई ने आहार अनुदान राशि, कैंप क्षेत्र की सिमरन दासवानी ने ट्रांसफार्मर हटवाने तथा मानपुर निवासी प्रदीप विश्वकर्मा ने एनपीएस पेंशन और ग्रेच्युटी भुगतान से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
इस दौरान अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार सेन गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर अमित सिंह, और एसडीएम बांधवगढ़ अंबिकेश प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






