एआईबीओसी में भोपाल मंडल का बढ़ा राष्ट्रीय गौरव : संजीव मिश्रा बने वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अनिल कुमार संयुक्त महासचिव
एवीएस न्यूज.भोपाल
भारतीय स्टेट बैंक अधिकारी संघ (एसबीआई ऑफिसर्स एसोसिएशन) भोपाल मंडल को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है।
हैदराबाद में 4 और 5 जुलाई 2026 को आयोजित अखिल भारतीय बैंक अधिकारी परिसंघ (एआईबीओसी) की 105वीं कार्यकारिणी समिति की बैठक में भोपाल मंडल के दो वरिष्ठ पदाधिकारियों को अहम राष्ट्रीय जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में एसबीआई अधिकारी संघ, भोपाल मंडल के महासचिव संजीव मिश्रा को पदोन्नत कर एआईबीओसी का वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं, संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार श्रीवास्तव को एआईबीओसी का संयुक्त महासचिव बनाया गया।
संघ के पदाधिकारियों ने इसे भोपाल मंडल के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सम्मान संगठन की मजबूत कार्यशैली, अधिकारी हितों के प्रति प्रतिबद्धता और वर्षों के निरंतर संघर्ष की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान है। उनके अनुसार, भोपाल मंडल से जुड़े लगभग 22 हजार बैंक अधिकारियों की एकजुटता, विश्वास और समर्पण का यह परिणाम है।
संघ के सदस्यों ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बैंक अधिकारियों के अधिकारों, सम्मान और हितों की आवाज राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती से उठेगी तथा अधिकारी कल्याण के लिए संगठन नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
इस अवसर पर एआईबीओसी मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष कॉमरेड सुबीन सिन्हा ने कहा कि संजीव मिश्रा और अनिल कुमार श्रीवास्तव की राष्ट्रीय स्तर पर नियुक्ति से प्रदेश इकाई को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इससे सदस्य सुरक्षा, सेवा हितों और वेलफेयर से जुड़े कार्यों को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकेगा।






