भोपाल में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: कई फर्मों पर छापे, आइसक्रीम और ‘फ्रोजन डेजर्ट’ की जांच तेज
एवीएस न्यूज.भोपाल
राजधानी भोपाल में भीषण गर्मी के बीच आइसक्रीम की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट और उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाली गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा के निर्देश पर चलाए जा रहे दो दिवसीय विशेष अभियान के तहत शुक्रवार (29 मई) को भोपाल-नर्मदापुरम संभागीय उड़नदस्ता टीम ने शहर के कई इलाकों में औचक निरीक्षण और छापेमारी की।
संभागीय उड़नदस्ता प्रभारी पंकज श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने शहर के प्रमुख होलसेलर्स, रिटेलर्स और मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स पर दबिश दी और नामी ब्रांड्स की आइसक्रीम के नमूने जांच के लिए जब्त किए।

कार्रवाई के दौरान महाकाल इंटरप्राइजेज (जे.के. रोड, मीनाल रेजीडेंसी के पास) से हैट्सन एग्रो प्रोडक्ट लिमिटेड (तमिलनाडु) द्वारा निर्मित ‘फ्लेवर्ड आइसक्रीम कसाटा स्लाइस’ और ‘पिस्ता टब’ के सैंपल लिए गए।
वहीं, कटारा हिल्स स्थित रिलायंस रिटेल लिमिटेड से ‘अमूल’ ब्रांड की आइसक्रीम के नमूने जांच हेतु लिए गए। लहारपुर स्थित सनी इंटरप्राइजेज से ‘क्वालिटी वॉल्स’ आइसक्रीम के सैंपल भी जब्त किए गए।
इसके अलावा आनंदपुरा, कोकता (हुजूर) स्थित आनंद आइसक्रीम एंड डेयरी प्रोडक्ट्स निर्माण इकाई का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई, जिसमें खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 तथा नियम 2011 के शेड्यूल-4 के अनुरूप कमियां पाए जाने पर सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। निर्देशों का पालन 14 दिनों के भीतर नहीं किए जाने पर लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान में मुख्य ध्यान पैकेजिंग और लेबलिंग मानकों की जांच पर रहा, क्योंकि गर्मियों में बाजार में ‘फ्रोजन डेजर्ट’ को ‘आइसक्रीम’ बताकर बेचने की शिकायतें लगातार सामने आती हैं। इसी को देखते हुए विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है और आगे भी निरीक्षण जारी रहेगा।






