अहमदाबाद। ईडीआईआई के डायरेक्टर जनरल डॉ. सुनील शुक्ला के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मिजोरम का दौरा किया। इस दौरान मिजोरम एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट ( एमईडीआई ) की स्थापना को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। प्रस्तावित संस्थान राज्य में उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रशिक्षण, कौशल विकास तथा मार्गदर्शन सहयोग प्रदान करेगा।

 मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की विशाल संभावनाओं को स्वीकार करते हुए इसके शीघ्र क्रियान्वयन का आश्वासन दिया।  मुख्यमंत्री ने कहाकि राज्य विविध संसाधनों से परिपूर्ण है। उद्योग, कृषि, रेशम उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण तथा एमएसएमई के विकास जैसे क्षेत्र यदि सही ढंग से उपयोग में लाए जाएं तो यह अपार अवसरों के द्वार खोल सकते हैं।

प्रशिक्षण, परामर्श और विचारों का इनक्यूबेशन सही संसाधनों को दिशा देकर उद्यमिता सफलता की नई श्रृंखला तैयार कर सकता है। दौरे के दौरान डॉ. सुनील शुक्ला ने माननीय राज्यपाल मिज़ोरम, जनरल (डॉ.) विजय कुमार सिंह, पीवीएसएम, एवीएसएम, वाईएसएम (सेवानिवृत्त), चीमला शिव गोपाल रेड्डी, आईएएस, निदेशक, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, मिज़ोरम सरकार सहित कई वरिष्ठ राज्य अधिकारियों से भी बातचीत की।