एसडीएम हरनीत कौर ने की प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ बैठक
शहर की यातायात व्यवस्था सुधार एवं अतिक्रमण नियंत्रण हेतु व्यापक कार्ययोजना पर की गई चर्चा
एवीएस न्यूज . भोपाल
मानपुर शहर में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने तथा मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
इस संबंध में एसडीएम मानपुर हरनीत कौर कलसी कि अध्यक्षता में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग तथा नगर परिषद् एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने हेतु विस्तृत चर्चा की गई।
उन्होने कहा कि बस रूट में संशोधन एवं भारी वाहनों पर नियंत्रण शहर में यातायात दबाव को कम करने हेतु जनप्रतिनिधियों एवं सभी हितधारकों से चर्चा उपरांत निर्णय लिया जाएगा। बैठक में बसों एवं भारी वाहनों का संचालन बायपास मार्ग से करने पर चर्चा की गई।
शहर के मुख्य आंतरिक मार्गों पर बसों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित करने पर भी चर्चा की गई। इस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जनप्रतिनिधियों, बस संचालकों एवं व्यापारी संगठनों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी।
नाली निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य के लिए नगर पालिका द्वारा शहर की प्रमुख सड़कों के दोनों ओर नाली निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। साथ ही, सड़कों के किनारे पेवर ब्लॉक्स लगाए जाएंगे। स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि पेवर ब्लॉक्स पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण जैसे अस्थायी दुकानें, ठेले आदि लगाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
बैठक के उपरांत अतिक्रमण हटाने एवं पार्किंग व्यवस्था सुदृढ़ीकरण के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस टीम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया,विशेष रूप से शिव होटल के समीप अव्यवस्थित यातायात की स्थिति का संज्ञान लिया गया।
समन्वय के माध्यम से होटल के निकट उपलब्ध भूमि पर पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अतिरिक्त पुराने बस स्टैंड क्षेत्र से अवैध ठेलों को हटाया गया।सड़कों पर अतिक्रमण कर रहे लगभग 10-15 दुकानदारों को समझाइश देकर सामग्री हटवाई गई।
आगामी एक माह तक प्रशासन, पुलिस एवं नगर पालिका की संयुक्त टीमें नियमित गश्त कर रोड पर अतिक्रमण पर नियंत्रण सुनिश्चित करेंगी। नवीन बस स्टैंड निर्माण शहर के लिए आधुनिक बस स्टैंड के निर्माण हेतु गोवर्धे क्षेत्र में भूमि का चयन किया गया है।
उक्त भूमि राजस्व अभिलेखों में यातायात प्रयोजन हेतु दर्ज है। पूर्व में लंबित न्यायालयीन प्रकरण की स्थिति स्पष्ट होने के पश्चात अब निर्माण प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी।






