शक्कर ,तेल सहित बेसन,  मैदा के भाव में गिरावट, शुद्ध घी में 1500 रुपए टीन की गिरावट 


एवीएस न्यूज. .भोपाल 
आगामी होली त्योहार के साथ रमजान का महीना चलने से राजधानी के थोक बाजार हनुमानगंज, जुमेराती, आजादमार्केट सहित सभी बाजारों में शक्कर ,तेल , बेसन,  मैदा, रवा सहित शुद्ध घी की शहरी और देसावरी मांग जोरों पर है। बाजार जानकार बताते है रमजान और आगामी होली पर्व  के मद्देनजर  खाद्य सामग्रियों की खरीदारी होने से अकेले राजधानी भोपाल में 25 से 30 करोड़ रुपए का कारोबार रोजाना हो रहा है। 


तेल-शक्कर ब्रोकर रमाकांत तिवारी ने बताया कि होली पर की नजदीकता से बाजार में खरीदी बढ़ गई है। वहीं शक्कर ,तेल , बेसन,  मैदा, रवा सहित शुद्ध घी के थोक भाव में भी गिरावट का रूख है। उन्होंने बताया कि सोयाबीन तेल जो ऊंचे में 150 रुपए किलो बिका वह 144 रुपए किलो है। मूंगफली तेल 170 रुपए, सनफ्लावर 165 रुपए , पाम आयल 135 रुपए, सरसो तेल 170 रुपए और वनस्पति 135 रुपए किलो के भाव है जो कि ऊंचे भाव से 15 रुपए किलो तक नीचे हैं।  


उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा भाव में 1500 रुपए प्रति टीन (15 किलो) की गिरावट शुद्ध घी के दाम में है। 15 किलो शुद्ध घी का टीन जो ऊपर में 10 हजार रुपए के भाव बिका वह मौजूदा समय में 8500 रुपए प्रति टीन बोला जा रहा है। इसी प्रकार मैदा जो 40 रुपए किलो था 5 रुपए नीचे के भाव पर यानी 35 रुपए किलो बिक रहा है।  जबकि  90 रुपए किलो का बेसन 80 रुपए में, 40 रुपए किलो का रवा अब 32 रुपए किलो में मिल रहा है।

 कारोबारी बताते है कि खाद्य तेलों की मांग और खपत दोनों में ही जबरदस्त इजाफा हुआ है।  होली और रमजान की लेवाली होने से स्थानीय थोक बाजार में सभी खाद्य तेलों की रोजाना खपत 15 से  20 गाड़ी पहुंच गई है।