कृषि आदान विक्रेता संघ की दो वार्षिक साधारण सभाएं संपन्न, ऑनलाइन व्यापार पर जताई चिंता
एवीएस न्यूज.भोपाल
कृषि आदान विक्रेता संघ द्वारा दो वार्षिक साधारण सभाएं आयोजित की गईं। इस ऐतिहासिक आयोजन में दिन और रात के सत्रों में मध्यप्रदेश के 40 जिलों के सैकड़ों व्यापारियों ने हिस्सा लिया और विभिन्न व्यापारिक मुद्दों पर मंथन किया।
इस मौके पर प्रदेश सचिव संजय रघुवंशी ने बताया कि दिन के सत्र में प्रदेशभर के जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों ने भाग लिया, जबकि शाम के सत्र में उज्जैन जिले के लगभग 350 से अधिक व्यापारियों की बैठक हुई।
संगठन में नई नियुक्तियां
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के लिए संभागीय स्तर पर नई टीमों का गठन किया गया, जिसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संगठन मंत्री और प्रचार मंत्री जैसे पद शामिल हैं। इन पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित भी किया गया। संघ के अनुसार, यह नियुक्तियां पिछले वर्षों में सक्रिय और ईमानदार कार्यकर्ताओं को योग्यता के आधार पर दी गई हैं।

ऑनलाइन व्यापार को लेकर चेतावनी
संघ के अध्यक्ष मानसिंह राजपूत ने कृषि आदान क्षेत्र में बढ़ते ऑनलाइन व्यापार को लेकर कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर होने वाला व्यापार नियमों के अनुसार अवैध माना जा सकता है, इसलिए व्यापारियों को सतर्क रहने की जरूरत है।
उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे केवल पक्के बिल, बैच नंबर और लॉट नंबर के साथ ही माल की खरीद-फरोख्त करें और अनियमित ऑनलाइन लेनदेन से बचें। प्रदेश सचिव ने आगामी सीड एक्ट और पेस्टीसाइड बिल पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उर्वरक व्यापार में ई-टोकन प्रणाली से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा की गई। बैठक में व्यापारियों ने सदस्यता अभियान को लगातार जारी रखने और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया।
विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों ने संगठन के कार्यों की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश सचिव संजय रघुवंशी ने किया तथा आभार प्रदर्शन लाखन सिंह केलवा द्वारा किया गया।






