होटल-केटरिंग कारोबार पर बढ़ा दबाव,  भोपाल में 19 किलो वाला 3116.50 रु. और 5 किलोग्राम वाला 836.50 रु. का हुआ  


एवीएस न्यूज.भोपाल 
 कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज हुई है। 19 किलो ग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर के दामों में 42 रुपए का इजाफा हुआ है, तो छोटू एलपीजी सिलेंडर यानि 5 किलो ग्राम वाले में 10 रुपए की मूल्य वृद्धि हुई है।  इस बढ़ोतरी के बाद होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव बढ़ गया है। भोपाल में कमर्शियल गैस सिलेंडर की नई कीमत अब लगभग 3116.50 रुपए तो छोटू गैस सिलेंडर 836.50 रुपए का हो गया है।  

 

तीन महीने में 1300 तक की बढ़ोतरी
 गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स के अनुसार पिछले तीन महीनों में कमर्शियल सिलेंडर के दामों में करीब 1300 रुपए तक की वृद्धि हो चुकी है। लगातार बढ़ते दामों से होटल और रेस्टोरेंट संचालकों की लागत तेजी से बढ़ रही है, जिसका सीधा असर खाने-पीने की कीमतों पर पड़ रहा है। वहीं भोपाल होटल एवं रेस्टोरेंट संघ के अध्यक्ष तेजकुल पाल सिंह पाली के अनुसार, कमर्शियल गैस सिलेंडर पहले की तुलना में करीब 60 प्रतिशत तक महंगा हो चुका है। इसके चलते भोपाल में खाने की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है और आगे भी कीमतें बढऩे की आशंका जताई जा रही है।


  कैटरिंग कारोबार पर असर
मध्यप्रदेश टेंट कैटर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के अनुसार, सिलेंडर महंगा होने से कैटरिंग लागत में लगभग 10 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। उदाहरण के तौर पर 500 लोगों के खाने का बजट अब 45,000 से 50,000 रुपए तक बढ़ गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में जुलाई तक 20 हजार से अधिक शादियां प्रस्तावित हैं। ऐसे में कैटरिंग और आयोजन खर्च बढ़ने से आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है। व्यापारियों का कहना है कि लगातार बढ़ती लागत से आयोजन बजट प्रभावित हो रहा है।