व्यापारिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों ने सौंपा आगामी बजट के लिए वित्त मंत्री को सुझावों ज्ञापन
एवीएस न्यूज..भोपाल
आगामी राज्य बजट को लेकर प्रदेश के वित्त मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा को सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों द्वारा सुझावों का ज्ञापन सौंपा गया।
भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सदस्य भगवान दास ढालिया ने देवड़ा का स्वागत कर व्यापारियों एवं आमजन पर करों के बोझ को कम करने तथा व्यापार को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से यह सुझाव ज्ञापन प्रस्तुत किया। ज्ञापन में प्रदेश के आर्थिक विकास, लघु एवं मध्यम व्यापारियों को राहत तथा कर संरचना को सरल बनाने जैसे विषयों पर विशेष रूप से ध्यान देने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर वित्त मंत्रालय द्वारा विभिन्न स्तरों से प्राप्त बजट सुझावों को गंभीरता से संकलित किए जाने के प्रयासों की सराहना भी की गई।
वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित मध्यप्रदेश के लक्ष्य को लेकर निरंतर योजनाबद्ध कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2027-28 का बजट प्रदेश के समग्र विकास, व्यापार, उद्योग और रोजगार को नई दिशा देने वाला होगा। इस अवसर पर हरिओम आसेरी, धर्मेंद्र खींची सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

