एवीएस न्यूज.  मुंबई 


भारतीय दर्शकों ने अब तक रोमांचकारी शो, रियलिटी प्रतियोगिताएं और सहनशक्ति परखने के लिए बने कार्यक्रम तो बहुत देखे हैं, लेकिन डिस्कवरी का आगामी शो ‘नेकेड एंड अफ्रेड : आदिमानव’ भारतीय टेलीविजन पर पहले कभी न देखा गया सर्वाइवल अनुभव ला रहा है। वैश्विकस्तर पर सफल ‘नेकेड एंड अफ्रेड’ फ्रेंचाइजी के पहले भारतीय रूपांतरण के रूप में यह सीरीज रोमांच, सहनशक्ति और वास्तविक सर्वाइवल को एक साथ लाएगी, जिसमें प्रतिभागियों की सीमाओं को उनके अंतिम बिंदु तक परखा जाएगा। 


15 जून को रात 11 बजे डिस्कवरी चैनल और डिस्कवरी प्लस पर प्रदर्शित होने वाला यह शो 6 भारतीय प्रतिभागियों को फिलिपींस के पलावन के खतरनाक जंगलों में ले जाएगा, जहां उन्हें अनजान जंगलों, अनिश्चित मौसम और विषम परिस्थितियों में सीमित संसाधनों के साथ बिना किसी आधुनिक सुविधाओं के रहना होगा। इसके बाद सूझबूझ, परिस्थितियों से तालमेल बिठाने की क्षमता और दृढ़ संकल्प की असली परीक्षा होगी। 


इस चुनौती को और भी आकर्षक बनाता है इसमें शामिल होने वाले अनोखे प्रतिभागियों का समूह। इसके लिए साथ आए हैं - भारत के सबसे युवा महिला एवरेस्ट पर्वतारोहियों में शामिल और महाराष्ट्र से माउंट एवरेस्ट शिखर तक पहुंचने वाली पहली महिला - कृष्णा पाटिल, सिंहगड के किले पर शिकंजी बेचने से शुरुआत कर एवरेस्ट फ़तेह की प्रेरक यात्रा वाले - लहू उखाड़े,  हिमालयी अभियानों के नेता और लद्दाख से जंगल विशेषज्ञ - तेनजिंग जिगड्रेल, तीन लाख से ज्यादा सिगरेट के अवशेषों को रीसायकल कर जीव-जंतुओं को बचाने वाले संरक्षणकर्ता - निरित दत्ता, मिनिमलिस्ट एथलीट और वेलनेस कोच, जिन्होंने अपनी जिंदगी आत्मनिर्भरता पर बनाई है - सुदीप्ता मंडल, और मानसिक और शारीरिक सहनशक्ति की सीमाओं को लगातार चुनौती देने वाले हाइब्रिड एथलीट और कोच - देबीप्रसाद कर। यह सब साथ आकर अपने ख़ास अनुभव, सहनशक्ति और जीवित रहने की कला का एक अद्भुत अनुभव पेश करेंगे। 


अभूतपूर्व जीवन-रक्षा चुनौती 
पारंपरिक रियलिटी शो टास्क और एलिमिनेशन के प्रारूप पर बने होते हैं। लेकिन ‘नेकेड एंड अफ्रेड : आदिमानव’ प्रतिभागियों को फिलिपींस के पलावन जंगलों में वास्तविक जीवन रक्षा चुनौतियों के बीच उतारेगा, जहां हर निर्णय पर उनका जीवन निर्भर होगा। प्रतिभागियों को खाना ढूंढना होगा, रहने के लिए आश्रय बनाना होगा, जंगल में अपनी राह ढूंढनी होगी, गुफाओं, नदी किनाओं, और समुद्र तटों पर अत्यंत चुनौतीपूर्ण स्थिति में साथ रहकर काम करना होगा, ताकि वे शो से सुरक्षित निकासी तक पहुंच सकें। 
यह शो वैश्विक रूप से प्रसिद्ध कार्यक्रम की ही आत्मा को जीवित रखता है, जहां सभी प्रतिभागी अपने रोजमर्रा की जिंदगी के सुख-सुविधाओं से दूर जाकर अपने कौशल, जुगाड़ू दिमाग और मानसिक शक्ति पर ज्यादा निर्भर होंगे। भूख, थकान और बदलते मौसम और आपसी संबंध भी उनके लिए जंगल जितने ही खतरनाक और चुनौतीपूर्ण साबित होंगे। 


अंतरराष्ट्रीय सनसनी भारत आने को है तैयार 
सालों तक ‘नेकेड एंड अफ्रेड’ ने अपने खास रोमांच और मानवीय सहनशीलता के मिश्रण से दुनियाभर के दर्शकों का दिल जीता है। यह भारतीय रूपांतरण भी इसी भाव को स्थानीय दर्शकों तक पहुंचाएगा, जिसमें भारतीय प्रतिभागी भी होंगे और उनका अपना नजरिया होगा। 
6 एपिसोड में बनी यह सीरीज प्रतिभागियों की पूरी यात्रा को दर्शाएगी जिसमें वह एक चुनौतीपूर्ण स्थान पर जीवित रहने के लिए आवश्यक संसाधनों की खोज में जुटेंगे। हर प्रतिभागी को सिर्फ एक जीवनोपयोगी वस्तु मिलेगी, और अपनी प्रिमिटिव सर्वाइवल रेटिंग (पीएसआर) - ऐसी रेटिंग जिसमें किसी व्यक्ति के संपूर्ण कौशल, ज्ञान, और वन्य वातावरण में अनुभव के आधार पर रेटिंग दी जाती है - के आधार पर उन्हें लगातार नए वातावरण में खुद को ढालना होगा और शारीरिक और मानसिक बाधाओं को पार करना होगा। 


ट्रेलर ने मचा दिया है तूफान 
हाल ही में जारी हुए ट्रेलर ने भारतीय दर्शकों के बीच में बड़ी उत्सुकता पैदा कर दी है, जिसमें प्रतिभागियों के सामने आने वाली चुनौतियों की गहनता, विशालता और अनिश्चितता की एक झलक नजर आ रही है। 
भारतीय सेलिब्रिटीज में से भी भारतीय अभिनेत्रियां पवित्रा पुण्या और जेनिफर विंगेट, और रेडियो जगत के ख्यातनाम आरजे रफीक ने भी इस ट्रेलर को सराहा है और इस कार्यक्रम के रोमांचकारी ज़ज्बे और अनोखे कॉन्सेप्ट की तारीफ की है। 


इस शो ने भारत के बाहर भी कई लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। वैश्विक स्तर पर भी कई लोगों ने इस ट्रेलर की प्रशंसा की है, जिसमें चार बार की वैश्विक ‘नेकेड एंड अफ्रेड’ चैंपियन फ़र्नांडा पेरेज़ अलार्कोन और विख्यात वैश्विक एथलीट जेसन पॉल भी शामिल हैं, जो इस शो की प्रति वैश्विक रुचि और जिज्ञासा को दर्शाता है। 


अंतिम निर्णय 
डिस्कवरी चैनल भारत में अपना सबसे कठोर और चुनौतीपूर्ण वैश्विक शो लेकर आया है जिसे देखने के लिए भारतीय दर्शक आतुर हैं। ‘नेकेड एंड अफ्रेड : आदिमानव’ में वह सभी गुण है, जो एक अनोखे, खास एडवेंचर सर्वाइवल शो में होना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय रूप से सफल फ्रेंचाइजी की विश्वसनीयता, भारत की प्रेरणादायक कास्ट और वास्तविक रूप से चुनौतीपूर्ण जंगल के वातावरण में स्थापित यह सीरीज एक बेहतरीन अनुभव प्रदान करेगी, जिसके सबसे महत्वपूर्ण पहलु हैं - साहस, परिस्थितियों के हिसाब से ढलने की कला, और मानवीय सहनशक्ति की परीक्षा। ऐसे दर्शक जो असली, अनछुए और अनिश्चित रोमांच को देखना चाहते हैं, उनके लिए यह अपने प्रकार का पहला भारतीय सर्वाइवल अनुभव निश्चित तौर पर देखने योग्य होगा। 


‘नेकेड एंड अफ्रेड : आदिमानव’ 15 जून को रात 11:00 बजे डिस्कवरी चैनल और डिस्कवरी प्लस पर प्रदर्शित होगा।