आरसीएस मैसेजिंग के जरिए स्पैम सुरक्षा देने एयरटेल और गूगल ने की साझेदारी की
एवीएस न्यूज.. नई दिल्ली
भारती एयरटेल और गूगल ने भारत में लाखों उपयोगकर्ताओं को सुरक्षित और प्रभावशाली मैसेजिंग अनुभव प्रदान करने के लिए साझेदारी की घोषणा की है।
एयरटेल की नेटवर्क इंटेलिजेंस और गूगल के रिच कम्युनिकेशन सर्विसेज (आरसीएस) प्लेटफॉर्म तथा स्पैम फिल्टरिंग को एक साथ लाने से उपयोगकर्ता अच्छी गुणवत्ता वाली फोटो और वीडियो का अनुभव कर सकते हैं। वे मैसेज रिएक्शन जैसे इंटरएक्टिव विकल्पों का भी लाभ उठा सकते हैं। साथ ही उन्हें उन्नत सुरक्षा व्यवस्था का लाभ मिलेगा जो मोबाइल स्पैम और डिजिटल धोखाधड़ी को काफी हद तक कम कर देता है।
पिछले डेढ़ वर्ष में एयरटेल ने कॉल और मैसेज दोनों के माध्यम से ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उद्योग में पहली बार शुरू की गई, एआई-संचालित पहलों की एक श्रृंखला के जरिए स्पैम और डिजिटल धोखाधड़ी के खिलाफ भारत की लड़ाई का नेतृत्व किया है।
ग्राहकों की सुरक्षा के लिए अपने सिद्ध रिकॉर्ड को साबित करते हुए एयरटेल ने अब तक अपनी सभी नवाचारी स्पैम विरोधी पहलों के माध्यम से 71 अरब स्पैम कॉल और 2.9 अरब स्पैम एसएमएस ब्लॉक किए हैं, जिसके परिणामस्वरूप एयरटेल के नेटवर्क के वित्तीय नुकसान में 68.7 प्रतिशत की भारी कमी आई है।
भारती एयरटेल के एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल ने कहाकि एयरटेल में हम ग्राहक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं और स्पैम के खिलाफ भारत की लड़ाई का नेतृत्व करने के लिए लगातार अग्रिम पंक्ति में बने हुए हैं। हम डेटा, स्मार्ट नेटवर्क और लगातार नवाचार का उपयोग करते हैं ताकि हमारे ग्राहक हर स्तर पर सुरक्षित रहें।
एक अग्रणी पहल के तहत अब हमने गूगल के साथ साझेदारी की है, ताकि दूरसंचार दायरे से आगे बढ़कर ग्राहक सुरक्षा का विस्तार किया जा सके और रिच मैसेजिंग प्लेटफॉर्म को और अधिक सुरक्षित बनाया जा सके। यह समाधान ब्रांड को अपने ग्राहकों के साथ गहरा जुड़ाव बनाने में मदद करेगा, जिससे ग्राहक स्वयं को अधिक सुरक्षित और अधिक नियंत्रण में महसूस करेंगे।

