एवीएस न्यूज. मुंबई


भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई ) के पश्चिमी क्षेत्र के अध्यक्ष एवं ब्लू स्टार लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक वीर एस आडवाणी ने कहा है कि भारत के पास विश्वसनीय और लचीली वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में नेतृत्व करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

सीआईआई वार्षिक व्यापार शिखर सम्मेलन के दौरान भू-रणनीति, आपूर्ति श्रृंखलाएं और रणनीतिक लचीलापन विषय पर आयोजित सत्र में बोलते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाएं तेजी से बदल रही हैं और अब केवल लागत व दक्षता ही नहीं, बल्कि विश्वसनीयता, लचीलापन, नवाचार और गति भी प्रमुख कारक बन गए हैं।


उन्होंने कहा कि कंपनियां अब मजबूत और भरोसेमंद सोर्सिंग नेटवर्क, तकनीक के एकीकरण और उत्पादन में तेजी को प्राथमिकता दे रही हैं।  आडवाणी ने कहाकि आपूर्ति श्रृंखलाओं को पूरी तरह से नया रूप दिया जा रहा है। अब लागत के साथ-साथ विश्वसनीयता और लचीलापन भी उतना ही महत्वपूर्ण हो गया है। हमें गुणवत्ता, नवाचार और गति पर ध्यान देना होगा, जिसका अर्थ है स्वदेशीकरण को बढ़ावा देना।

उन्होंने आगे कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आधुनिक तकनीक वैश्विक विनिर्माण और आपूर्ति श्रृंखला प्रणालियों को तेजी से बदल रही हैं, जिससे भारत के लिए एक मजबूत वैश्विक विनिर्माण और आपूर्ति साझेदार बनने के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।