एवीएस न्यूज.इंदौर 

एचसीजी कैंसर हॉस्पिटल, इंदौर ने महिलाओं के स्वास्थ्य, कैंसर की प्रारंभिक पहचान के महत्व और निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दो दिवसीय “विमेन हेल्थ मेला” का आयोजन किया। इस पहल में शहर भर से महिलाओं ने भाग लिया और स्तन स्वास्थ्य, सर्वाइकल कैंसर जागरूकता, पोषण तथा समग्र स्वास्थ्य के बारे में जानकारी प्राप्त की।

इस आयोजन में 150 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और निवारक स्वास्थ्य उपायों तथा नियमित जांच के महत्व के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने हेल्थ टॉक्स, जागरूकता सत्र और परामर्श के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रारंभिक पहचान और समय पर उपचार के महत्व के बारे में जागरूक किया।

इस पहल के अंतर्गत अस्पताल टीम ने स्वयं स्तन जांच (सेल्फ-ब्रेस्ट एग्जामिनेशन) से संबंधित जागरूकता पुस्तिकाएं भी वितरित कीं और प्रतिभागियों के स्वास्थ्य संबंधी प्रश्नों के उत्तर दिए। इस मेले का उद्देश्य महिलाओं को सही जानकारी देकर उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक और सशक्त बनाना था, ताकि वे समय रहते आवश्यक कदम उठा सकें।

इस अवसर पर एचसीजी कैंसर हॉस्पिटल, इंदौर के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर, श्री नितिन बामनिया ने कहा, “महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और कैंसर की प्रारंभिक पहचान, कैंसर की रोकथाम और प्रभावी उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ‘विमेन हेल्थ मेला’ जैसी पहलों के माध्यम से हमारा उद्देश्य महिलाओं को आवश्यक जानकारी देकर उन्हें अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और नियमित जांच तथा निवारक देखभाल के लिए प्रेरित करना है।”

प्रतिभागियों ने अस्पताल की इस पहल की सराहना की और इसे समुदाय के लिए उपयोगी बताया। ऐसी पहलों के माध्यम से एचसीजी कैंसर हॉस्पिटल, इंदौर कैंसर की रोकथाम के प्रति जागरूकता फैलाने और सामुदायिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के अपने संकल्प को लगातार आगे बढ़ा रहा है।