रिलायंस फाउंडेशन का ईएसए मैच बना यादगार, 20 हजार बच्चों की खुशियों से गूंजा वानखेड़े
एवीएस न्यूज.मुंबई
वानखेड़े स्टेडियम में सिर्फ क्रिकेट का रोमांच नहीं, बल्कि 20 हजार से अधिक बच्चों की उत्साहभरी आवाजों और मुस्कान ने पूरे माहौल को खास बना दिया। मुंबई इंडियंस के वार्षिक एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स फॉर ऑल मैच में महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों से आए बच्चों ने अपने पसंदीदा खिलाड़ियों का लाइव मुकाबला देखा। इस आयोजन का संचालन मुंबई इंडियंस और रिलायंस फाउंडेशन की साझेदारी में किया गया।
इस वर्ष का ईएसए मैच कई मायनों में विशेष रहा। पहली बार 100 दृष्टिबाधित बच्चे अपने ‘हियरिंग बडीज’ के साथ मैच देखने पहुंचे। इसके अलावा 200 से अधिक विशेष रूप से सक्षम बच्चों ने भी इस अनूठे अनुभव का हिस्सा बनकर मैच का आनंद लिया। बच्चे मुंबई के साथ-साथ सतारा, नासिक, इगतपुरी और राज्य के दूरदराज क्षेत्रों से आए थे।
रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक एवं चेयरपर्सन नीता एम. अंबानी ने कहा कि बच्चों की खुशी और उत्साह ही इस आयोजन को खास बनाता है। उन्होंने बताया कि ईएसए पहल की शुरुआत 16 वर्ष पहले हुई थी और इसमें समावेशन हमेशा सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है।
दृष्टिबाधित बच्चों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मैं उम्मीद करती हूं कि ये बच्चे यहां से बहुत सारी खूबसूरत यादें लेकर जाएं। इस विशाल आयोजन के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई थीं। बच्चों के आवागमन के लिए 550 से अधिक वेस्ट बसों की व्यवस्था की गई।
आयोजन में करीब 2400 वॉलंटियर्स, 100 से अधिक मेडिकल स्टाफ, 92 हजार फूड बॉक्स और बड़ी ग्राउंड टीम पूरे दिन व्यवस्थाओं में जुटी रही। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के लिए मुंबई पुलिस द्वारा 1000 से अधिक पुलिस एवं ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की गई थी।






