ठाकुर लाल राजपूत ने किया स्वच्छता के नायकों का सम्मान
भोपाल । स्वच्छता और जनभागीदारी के संगम का अनूठा दृश्य विवेकानंद विचार वीथिका पार्क में देखने को मिला, जब अशोका जन कल्याण विकास समिति द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम में महापौर मालती राय और पार्षदों ने स्थानीय सफाई कर्मियों संग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ सुनी और उनके कार्यों की सराहना की। साथ ही समिति के अध्यक्ष ठाकुर लाल राजपूत ने स्वच्छता के नायकों का सम्मान किया।
स्वच्छता सिर्फ नगर निगम की ज़िम्मेदारी नहीं, यह हम सभी की जिम्मेदारी
‘मन की बात’ कार्यक्रम के बाद महापौरने सफाईकर्मियों का पुष्पमालाओं और प्रशस्तिपत्रों से सम्मान किया। यह सम्मान उस अथक परिश्रम की सार्वजनिक स्वीकृति है जिसके चलते भोपाल ने वर्ष 2023 एवं 2024 के स्वच्छता सर्वेक्षण में निरंतर श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है और 2024 में देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया। अब लक्ष्य है कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 में भोपाल नंबर वन बने और यह तभी संभव होगा जब शहर के ‘स्वच्छता सैनिक’ निरंतर प्रेरित और समर्थित बने रहें।समिति द्वारा 75 स्वच्छता कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महापौर मालती राय ने कहाकि स्वच्छता सिर्फ नगर निगम की ज़िम्मेदारी नहीं, यह हम सभी की साझी जिम्मेदारी है। ये सफाई कर्मचारी हमारे शहर के सच्चे नायक हैं, जिनके कारण भोपाल स्वच्छता की प्रतिस्पर्धा में आगे है।

विवेकानंद विचार वीथिका पार्क के सामने स्थित प्रमुख चौराहे का नाम ‘विवेकानंद चौराहा’ रखा जाए
समिति अध्यक्ष ठाकुर लाल राजपूत ने कार्यक्रम में सुझाव दिया कि विवेकानंद विचार वीथिका पार्क के सामने स्थित प्रमुख चौराहे का नाम ‘विवेकानंद चौराहा’ रखा जाए, जिस पर कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग और महापौर ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। राजपूत ने इस सहयोग के लिए दोनों जनप्रतिनिधियों का आभार भी व्यक्त किया।

