दहेज की मांग पूरी न होने पर बारात नहीं लाई, पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
एवीएस न्यूज. मानपुर/ भोपाल
मानपुर क्षेत्र में एक शादी से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें दहेज की मांग पूरी न होने पर दूल्हे द्वारा बारात न लाने और मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। पीड़िता ने मामले में उमरिया पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
ग्राम कोलर निवासी कल्पना यादव ने शिकायत में बताया कि उनकी बड़ी बहन का निधन हो चुका था और वह अपनी बहन के दो बच्चों की देखभाल कर रही थीं। इसी दौरान रक्सा निवासी उदयभान पिता रामसरोबर से उनका संपर्क हुआ, जिसके बाद वह उनके साथ रहने लगीं।
पीड़िता के अनुसार बाद में परिजनों की सहमति से हिंदू रीति-रिवाज से विवाह की तैयारी तय की गई और 12 मई 2026 को शादी की तारीख निर्धारित की गई थी। विवाह से पहले 11 मई को जब हल्दी एवं अन्य रस्में चल रही थीं, तब दूल्हे पक्ष ने दहेज में अपाचे मोटरसाइकिल और सोने की अंगूठी की मांग की।
आरोप है कि मांग पूरी न होने पर दूल्हे ने बारात लाने से इनकार कर दिया और शादी से पीछे हट गया। इसके बाद 12 मई को बारात नहीं पहुंची, जिससे परिवार और रिश्तेदारों में हड़कंप मच गया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि 13 मई को जब वह दूल्हे के घर पहुंची तो उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई, जिससे वह बेहोश हो गई और उसे गंभीर चोटें आईं। साथ ही, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर वर्षों तक उनके साथ संबंध बनाए।
पीड़िता ने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।






