टैक्स लॉ बार एसोसिएशन के स्टडी सर्किल में सहकारिता क्षेत्र की भूमिका पर विशेष व्याख्यान
एवीएस न्यूज .भोपाल
टैक्स लॉ बार एसोसिएशन द्वारा 22 मई 2026 को संस्था के सदस्यों के लिए मासिक स्टडी सर्किल का आयोजन स्टेट जीएसटी ऑफिस में किया गया। संस्था के अध्यक्ष मनोज पारख ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत सहकारिता क्षेत्र पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया, जिसमें वक्ता सीए वैभव जैन ने सहकारिता क्षेत्र के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि सहकारिता क्षेत्र देश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, जो दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक किसानों एवं आम नागरिकों को बैंकिंग सेवाएँ तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने सहकारी संस्थाओं की कार्यप्रणाली, ग्रामीण विकास में उनकी उपयोगिता एवं किसानों तक वित्तीय सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में उनकी भूमिका पर भी जानकारी दी। सीए वैभव जैन ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र केवल आर्थिक व्यवस्था को मजबूत नहीं करता, बल्कि ग्रामीण समाज को आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है।
उन्होंने प्रोफेशनल्स के लिए सहकारिता क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों पर चर्चा करते हुए बताया कि चार्टर्ड अकाउंटेंट, अधिवक्ता एवं टैक्स प्रोफेशनल्स अपनी लेखांकन, ऑडिट, कम्प्लायंस एवं वित्तीय प्रबंधन संबंधी विशेषज्ञता से सहकारी संस्थाओं को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं सशक्त बना सकते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने विषय को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया। स्टडी सर्किल में संस्था के अध्यक्ष मनोज पारख, उपाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल, सचिव धीरज अग्रवाल, सह सचिव संदीप चौहान सहित वरिष्ठ सदस्य गोविंद वसंता, राजेश्वर दयाल, सौरभ श्रीवास्तव, प्रदीप शर्मा एवं अनिल जैन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।






