ऑल इंडिया मोटर एंड गुड्स ट्रांसपोर्ट एसो.का प्रतिनिधिमंडल जीएसटी आयुक्त से मिला
भोपाल। ऑल इंडिया मोटर एंड गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (एआईएमजीटीए ) के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मध्य प्रदेश के वाणिज्यिक कर विभाग के आयुक्त धनराजू एस, आईएएस से इंदौर स्थित उनके कार्यालय में सौहार्दपूर्ण भेंट कर सारगर्भित चर्चा की। इस मुलाक़ात में एसोसिएशन के शिष्टमंडल ने राज्य में गुजरने वाले ट्रकों के साथ हो रहे उत्पीड़न, भ्रष्टाचार, और पक्षपातपूर्ण व्यवहार जैसे गंभीर विषयों पर अपनी चिंता प्रकट की। आयुक्त धनराजू ने गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सभी मुद्दों को सुना और माना कि विभागीय कार्यशैली और अधिकारियों में कुछ कमियां हैं, जिन्हें सुधारने के लिए जल्द ही व्यापक कार्यवाही की जाएगी।
एआईएमजीटीए के अध्यक्ष राजेंद्र कपूर ने बताया कि जीएसटी आयुक्त से चार बिंदुओं पर चर्चा हुई। जिसमें प्रमुख रूप से -बिना दस्तावेजों के वाहन रोकना, अवैध वसूली और भेदभावपूर्ण ज़ब्ती व जुर्माना की घटनाएं। बिना पुष्टि किए वाहन सीज करना और चालकों को धमकानाएवं मोबाई ज़ब्त करना। गोपनीय मूवमेंट प्लान लीक कर बिचौलियों द्वारा ट्रैकिंग और अवैध डील की घटनाएं। पान मसाला, सुपारी, सिगरेट, शराब आदि जैसी वस्तुओं पर अनावश्यक कार्रवाई की आवश्यकता शामिल रहें।
व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों की जिम्मेदारी अलग होनी चाहिए
कपूर ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने एक सुझाव आयुक्त के समक्ष रखा। कहाकि यदि जांच में माल में कोई खामी पाई जाती है, तो जिम्मेदारी व्यापारी की तय होनी चाहिए, न कि ट्रांसपोर्टर की। ऐसे मामलों में ट्रक को न रोका जाए, बल्कि माल को ट्रांसपोर्ट की सुपुर्दगी में दे दिया जाए और जब व्यापारी जीएसटी अधिकारी से एनओसी ले कर दिखाए तब ट्रांसपोर्ट माल उसके सुपुर्द कर दें, इससे व्यापारिक गतिविधियां बाधित नहीं होंगी और ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को भी आर्थिक नुकसान नहीं होगा।
रेलवे व बसों से अवैध ढुलाई पर कार्रवाई करें
कपूर ने बताया कि जीएसटी आयुक्त ने यह भी माना कि रेलवे और बसों से बिना कागजात सामान और प्रतिबंधित सामान की ढुलाई हो रही है, जिस पर जल्द ही एक बड़ी मुहिम चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दोनों पक्षों की भूमिका अहम, दोषियों की जानकारी विभाग को दें
आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि कुछ ट्रांसपोर्टर भी कर चोरी और ग़लत गतिविधियों में संलिप्त हैं। उन्होंने एआईएमजीटीए से कहाकि वे ऐसे दोषियों की जानकारी विभाग को दें,ताकि निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकें। एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल में देवेन्द्र सिंह (काका), महासचिव, अरबिंदर सिंह (बबलू), सुरेश आहूजा, अरुण बंसल, गुलशन कुमार शामिल रहें। इस दरमियान प्रतिनिधिमंडल ने कहाकि इस ऐतिहासिक बैठक के पश्चात ट्रांसपोर्ट उद्योग के लिए सकारात्मक बदलाव आएंगे और अधिकारियों द्वारा ट्रांसपोर्टरों की परेशानियों को दूर करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

