आईसीएआई भोपाल शाखा को मिला ‘भारत की सर्वश्रेष्ठ शाखा’ का राष्ट्रीय सम्मान
एवीएस न्यूज.भोपाल
इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई ) की भोपाल शाखा के लिए यह अत्यंत गौरव एवं हर्ष का विषय है कि उसे राष्ट्रीय स्तर पर ‘भारत की सर्वश्रेष्ठ शाखा’ के प्रतिष्ठित सम्मान से सम्मानित किया गया है।
यह पुरस्कार आईसीएआई के वार्षिक समारोह, जो नोएडा में आयोजित हुआ, के दौरान प्रदान किया गया। इस अवसर पर विधि एवं न्याय मंत्री,अर्जुन राम मेघवाल द्वारा आईसीएआई के अध्यक्ष की उपस्थिति में यह सम्मान भोपाल शाखा को प्रदान किया गया। यह उल्लेखनीय उपलब्धि भोपाल शाखा के अध्यक्ष (चेयरमैन) सीए. अर्पित राय के नेतृत्व में शाखा द्वारा किए गए व्यापक, सतत एवं प्रभावशाली कार्यों का परिणाम है।
अर्पित राय ने अपने कार्यकाल के दौरान भोपाल शाखा ने सदस्यों के लिए बड़ी संख्या में अकादमिक कार्यक्रम, विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक एवं करियर उन्मुख कार्यक्रम, तथा सदस्यों हेतु सह-पाठ्यक्रम एवं खेलकूद गतिविधियाँ सफलतापूर्वक आयोजित कीं। विशेष रूप से मासिक खेलकूद गतिविधियों ने सदस्यों के बीच सहभागिता, स्वास्थ्य और आपसी सौहार्द को बढ़ावा दिया। इस अवसर पर शाखा नेतृत्व ने सभी सदस्यों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सदस्यों के सहयोग, मार्गदर्शन और आशीर्वाद के बिना यह सम्मान संभव नहीं था।
यह उपलब्धि भोपाल शाखा की टीम भावना, समर्पण और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह सम्मान न केवल आईसीएआई भोपाल शाखा बल्कि समस्त भोपाल के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स समुदाय के लिए गर्व का विषय है।

