एवीएस न्यूज.बेंगलुरु
 निवेश प्लेटफॉर्म फंड्सइंडिया का एसेट्स अंडर मैनेजमेंट 30,000 करोड़ रुपए से अधिक हो गया है। कंपनी ने बताया कि इससे पहले इसी वर्ष उसने 25,000 करोड़ रुपए का स्तर पार किया था, जबकि 20,000 करोड़ रुपए  से 30,000 करोड़ रुपये तक पहुंचने में लगभग 11 महीने का समय लगा। कंपनी के अनुसार, यह वृद्धि किसी एक बड़े निवेश या बाजार में आई तेजी का परिणाम नहीं, बल्कि खुदरा निवेशकों द्वारा एसआईपी  निवेश बढ़ाने, वित्तीय सलाहकार नेटवर्क के विस्तार और प्राइवेट वेल्थ कारोबार में बढ़ते भरोसे का नतीजा है।  


कंपनी के तीन प्रमुख कारोबार डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर, पार्टनर और प्राइवेट वेल्थ ने इस वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। डीटूसी  प्लेटफॉर्म ने नए निवेशकों को नियमित एसआईपी अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया, जबकि पार्टनर वर्टिकल ने वित्तीय सलाहकारों और म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर्स को रिसर्च और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई। वहीं, प्राइवेट वेल्थ कारोबार ने उच्च आय वर्ग और एचएनआई ग्राहकों के बीच अपनी मजबूत पहचान बनाई।  

कंपनी के मुताबिक, फंड्सइंडिया वर्तमान में देशभर में लगभग 30 लाख निवेशकों को सेवाएं दे रहा है। इनमें करीब 71.79 प्रतिशत निवेशक प्रमुख महानगरों के बाहर के शहरों से हैं, जो देश में सुनियोजित निवेश के बढ़ते दायरे को दर्शाता है।