एवीएस न्यूज. नई दिल्ली 
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (TKM) ने भारत की लोकप्रिय एमपीवी नई टोयोटा इनोवा क्रिस्टा को नए डिजाइन एलिमेंट्स और अतिरिक्त सुविधाओं के साथ लॉन्च किया है। कंपनी का कहना है कि यह अपडेट ग्राहकों की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं, जिससे वाहन का लुक, आराम और सुविधा पहले से बेहतर हो सके।

दो दशकों से अधिक समय से भारतीय बाजार में अपनी मजबूत पहचान बनाए हुए इनोवा क्रिस्टा विश्वसनीयता, आराम, सुरक्षा और दमदार प्रदर्शन के लिए जानी जाती है। नए मॉडल में एक्सटीरियर और इंटीरियर दोनों स्तरों पर कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। 
नई इनोवा क्रिस्टा में नया और अधिक आकर्षक रेडिएटर ग्रिल, अपडेटेड फ्रंट बंपर गार्निश और रियर बंपर गार्निश दिए गए हैं, जो इसकी रोड प्रेजेंस को और मजबूत बनाते हैं।

इसके साथ ही वाहन का मस्कुलर और प्रीमियम लुक पहले से अधिक प्रभावशाली नजर आता है। इंटीरियर की बात करें तो इसमें नया ड्यूल-टोन लेदर सीट अपहोल्स्ट्री, ग्रेस कॉपर फिनिश के साथ अपडेटेड इंस्ट्रूमेंट पैनल, डोर ट्रिम्स और बेज़ल्स दिए गए हैं।

वुड-पैटर्न हाइलाइट्स, एसी कंट्रोल्स और स्विचेज़ की नई फिनिशिंग केबिन को अधिक प्रीमियम बनाती है। ग्राहकों की सुविधा को बढ़ाने के लिए नई इनोवा क्रिस्टा में वायरलेस चार्जर और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) जैसे फीचर्स भी जोड़े गए हैं। 


इस अवसर पर टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट (सेल्स, सर्विस एवं यूज्ड कार बिजनेस) सबारी मनोहर ने कहा कि ब्रांड इनोवा की अब तक 13 लाख से अधिक यूनिट्स बिक चुकी हैं और इनोवा क्रिस्टा ने एमपीवी सेगमेंट में विश्वसनीयता, आराम और वैल्यू के नए मानक स्थापित किए हैं।

उन्होंने कहा कि नए अपडेट्स ग्राहकों को ताजगी का अनुभव देंगे, जबकि वाहन की वे सभी खूबियां बरकरार रहेंगी जिन पर वर्षों से भरोसा किया जाता रहा है। नई इनोवा क्रिस्टा में टोयोटा का भरोसेमंद 2.4-लीटर डीजल इंजन दिया गया है, जो मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ उपलब्ध है। 
यह इंजन दमदार प्रदर्शन, स्मूथ ड्राइविंग और लंबी दूरी की यात्राओं में बेहतर आराम प्रदान करता है। वाहन की प्रमाणित ईंधन दक्षता 15 किलोमीटर प्रति लीटर तक है। सुरक्षा के लिहाज से इसमें 7 एयरबैग, एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS), व्हीकल स्टेबिलिटी कंट्रोल, हिल स्टार्ट असिस्ट कंट्रोल, इलेक्ट्रॉनिक ब्रेक फोर्स डिस्ट्रीब्यूशन (EBD) और ब्रेक असिस्ट जैसे फीचर्स दिए गए हैं।

नई इनोवा क्रिस्टा प्लेटिनम व्हाइट पर्ल, सुपर व्हाइट, सिल्वर मेटैलिक, एटीट्यूड ब्लैक माइका और अवांट-गार्डे ब्रॉन्ज मेटैलिक रंगों में उपलब्ध होगी।


 एक्स-शोरूम कीमतें इस प्रकार हैं

GX / GX Fleet (7 सीटर) – ₹19.72 लाख,  GX / GX Fleet (8 सीटर) – ₹19.77 लाख,  GX+ (7 सीटर) – ₹21.15 लाख, GX+ (8 सीटर) – ₹21.20 लाख,  VX (7 सीटर) – ₹24.93 लाख, VX (8 सीटर) – ₹24.98 लाख, ZX – ₹26.63 लाख, कंपनी के अनुसार ग्राहक अपने नजदीकी टोयोटा डीलरशिप पर जाकर या टोयोटा की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से नई इनोवा क्रिस्टा की बुकिंग कर सकते हैं।