एवीएस न्यूज.मानपुर/उमरिया
नगर परिषद मानपुर के वार्ड क्रमांक 10 स्थित चरण गंगा वार्ड के रहवासियों ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में पहुंचकर अपनी वर्षों पुरानी समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा। वार्डवासियों ने कलेक्टर से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा और क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के अभाव की ओर ध्यान आकर्षित कराया।

आवेदन में बताया गया कि नगर परिषद मानपुर के गठन को लगभग चार वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन चरण गंगा वार्ड में आज भी अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो पाए हैं। क्षेत्र के सैकड़ों परिवार सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता और विद्युत व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हैं। रहवासियों का कहना है कि कई बार नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।

वार्डवासियों ने बताया कि बरसात के मौसम में कच्चे मार्गों और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। जगह-जगह जलभराव होने से लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं स्वच्छता व्यवस्था भी प्रभावित होती है, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बना रहता है।

जनसुनवाई में पहुंचे नागरिकों ने मांग की कि चरण गंगा वार्ड में शीघ्र सड़क और नाली निर्माण कराया जाए, नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा अन्य आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। उनका कहना है कि नगर परिषद बनने के बाद क्षेत्रवासियों को विकास की उम्मीद थी, लेकिन आज भी कई बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में वार्डवासियों ने समस्याओं की जांच कर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन की ओर से आवेदन प्राप्त कर संबंधित विभाग को आवश्यक जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए जाने का आश्वासन दिया गया है।

अब देखना होगा कि जनसुनवाई में उठी चरण गंगा वार्ड की समस्याओं पर प्रशासन कितना गंभीर रुख अपनाता है और क्षेत्रवासियों को मूलभूत सुविधाओं से कब तक राहत मिल पाती है।