-पवन सिंह और निरहुआ ने ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में किया मजेदार खुलासा
एवीएस न्यूज . मुंबई
स्टेज पर गाना भी होगा, तालियां भी बजेंगी और हंसी तो रुकने वाली नहीं है।  इस हफ्ते द ग्रेट इंडियन कपिल शो सीजन 4 पूरी तरह भोजपुरी रंग में रंगा नजर आएगा, जब पवन सिंह, मनोज तिवारी और दिनेश ‘निरहुआ’ लाल यादव शो में एंट्री लेते हैं, तो माहौल जोश और मस्ती से भर जाता है। यह पल शो की असली भावना को पूरी तरह दर्शाता है, अपनापन और मस्ती से भरा नजर आता है।

डिस्ट्रिक्ट हिलेगा, सोफा चमकेगा -भोजपुरी सितारे ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में धमाल मचाने आ रहे हैं, शनिवार रात 8 बजे। कपिल शर्मा भी उसी जोश में अपने ‘नेताजी’ अवतार में आ जाते हैं और मंच को एक छोटे से चुनावी मंच में बदल देते हैं। वह मनोज तिवारी की टांग खींचते हुए कहते हैं कि जहां गाना होता है और जहां जनता होती है, वहां मनोज तिवारी जरूर पहुंच जाते हैं । 
सिंगर हों, एक्टर हों या पॉलिटिशियन, मनोज तिवारी हर भूमिका को बड़ी सहजता से निभाते नजर आते हैं। कुछ ही मिनटों में हंसी की गूंज बढ़ जाती है और पूरा माहौल जोश और मस्ती से भर जाता है।  निरहुआ जब मनोज तिवारी के ड्राइवरों को लेकर एक मज़ेदार बात बताते हैं, तो मस्ती और भी ज़्यादा बढ़ जाती है। पहले रवि, फिर पवन और अब दिनेश। 
कपिल शर्मा तुरंत बात पकड़ लेते हैं, स्टेज पर ही सब कनेक्शन जोड़ देते हैं, दर्शक हंस-हंसकर लोटपोट हो जाते हैं और मनोज तिवारी इसे सिर्फ एक संयोग बताकर टालने की कोशिश करते हैं, जिससे बात और भी मज़ेदार हो जाता है। इसी बीच पवन सिंह अपनी एक खास आदत बताते हैं। अगर दिन अच्छा न हो तो वे कपड़े दोबारा नहीं पहनते और काला रंग तो बिल्कुल नहीं पहनते। 
यह बात इसलिए और मजेदार लगती है क्योंकि मनोज तिवारी उसी वक्त काले कपड़ों में बैठे होते हैं और मुस्कुराते हुएइस मजाक का आनंद लेते हैं। वहीं कपिल शर्मा ड्राइवरों के नाम, ड्रेसिंग स्टाइल और लगातार चल रही नोकझोंक को बड़ी ही खूबी से संभालते नजर आते हैं।

लगातार चल रही मजाकिया बातचीत, संगीत और अलग-अलग शख्सियतों के मेल के साथ यह एपिसोड पूरी तरह कपिल के मस्ती भरे अंदाज़ में ढल जाता है, जहां बातचीत चलती रहती है और माहौल खुलकर पूरी तरह भोजपुरी बन जाता है। राजनीति से जुड़े संवाद और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री का देसी अंदाज एक साथ देखने को मिलता है। वहीं सुनील ग्रोवर, कीकू शारदा और कृष्णा अभिषेक भी मेहमानों के साथ मंच पर आकर मस्ती में शामिल हो जाते हैं और बिना रुके हंसी का माहौल बनाए रखते हैं। जब ‘लॉलीपॉप लागेलु’ गाने पर सितारे, शो की पूरी टीम और यहां तक कि दर्शक भी तालियां, सीटियां और थोड़े से डांस के साथ एक साथ झूमते नजर आते हैं, तब यह एपिसोड एक जश्न भरे और यादगार माहौल के साथ खत्म होता है।