कंपनी के वित्तीय परिणामों में मजबूत तिमाही प्रदर्शन, FY26 में मिला मिला-जुला वार्षिक नतीजा
एवीएस . नई दिल्ली
कंपनी ने 31 मार्च 2026 को समाप्त चौथी तिमाही और पूरे वित्त वर्ष के अपने स्टैंडअलोन एवं समेकित वित्तीय परिणाम जारी किए, जिनमें तिमाही स्तर पर मजबूत वृद्धि दर्ज की गई, जबकि वार्षिक प्रदर्शन मिला-जुला रहा।
चौथी तिमाही का प्रदर्शन (Q4FY26)
चुनौतीपूर्ण बाजार परिस्थितियों के बावजूद कंपनी ने 11.8 प्रतिशत वॉल्यूम ग्रोथ दर्ज की। इस अवधि में ग्रॉस मार्जिन 42.3 प्रतिशत और एबिटा मार्जिन 18.3 प्रतिशत के साथ पिछले 10 तिमाहियों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।
परिचालन लाभ में 17.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि शुद्ध लाभ (PAT) में सालाना आधार पर 38.1 प्रतिशत की मजबूत बढ़ोतरी हुई।
समेकित परिणामों के अनुसार, चौथी तिमाही में परिचालन से राजस्व ₹2,868 करोड़ रहा, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही के ₹2,704 करोड़ की तुलना में 6.1 प्रतिशत अधिक है। EBITDA ₹481.7 करोड़ रहा, जो 12.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। वहीं शुद्ध लाभ ₹335.3 करोड़ पहुंच गया, जिसमें 27.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
स्टैंडअलोन आधार पर, तिमाही राजस्व ₹2,504 करोड़ रहा, EBITDA ₹458.7 करोड़ और शुद्ध लाभ ₹327.3 करोड़ दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 38.1 प्रतिशत अधिक है।
वार्षिक प्रदर्शन (FY26)
समेकित वार्षिक परिणामों में कंपनी का राजस्व ₹11,880.3 करोड़ रहा, जो 2.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। हालांकि, EBITDA 1.2 प्रतिशत घटकर ₹1,833.3 करोड़ रहा और शुद्ध लाभ 4.6 प्रतिशत गिरकर ₹1,128 करोड़ पर आ गया।
स्टैंडअलोन वार्षिक आधार पर कंपनी का राजस्व ₹10,420.1 करोड़ रहा, EBITDA ₹1,686.6 करोड़ और शुद्ध लाभ ₹1,095.7 करोड़ दर्ज किया गया, जिसमें हल्की वृद्धि देखी गई।
डिविडेंड की घोषणा
कंपनी के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2026 के लिए ₹1 अंकित मूल्य वाले प्रत्येक शेयर पर ₹4 (400 प्रतिशत) प्रति इक्विटी शेयर के लाभांश की सिफारिश की है।
प्रबंधन की टिप्पणी
कंपनी प्रबंधन के अनुसार, चौथी तिमाही में मांग में सुधार, कच्चे माल की कीमतों में नरमी और उत्पाद मिक्स में सुधार के चलते मार्जिन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
कंपनी ने बताया कि वॉटरप्रूफिंग, कंस्ट्रक्शन केमिकल्स और वुड कोटिंग्स जैसे प्रमुख सेगमेंट्स में मजबूत वृद्धि दर्ज की गई है। साथ ही, प्रीमियम उत्पादों और नए लॉन्च “कलर प्लस” को बाजार में सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।
प्रबंधन ने यह भी कहा कि नेटवर्क विस्तार और शहरी बाजारों में बढ़ती पहुंच से आने वाले समय में वृद्धि की गति और मजबूत होने की उम्मीद है, हालांकि विदेशी मुद्रा अस्थिरता और कच्चे माल की लागत निकट अवधि में जोखिम बने रहेंगे।






