क्षितिज पॉलीलाइन ने दर्ज की मजबूत वित्तीय वृद्धि, ओमकार स्पेशियलिटी केमिकल्स अधिग्रहण के सभी भुगतान पूरे
एवीएस न्यूज . मुंबई
प्लास्टिक शीट्स, फिल्म्स और संबद्ध पॉलिमर उत्पादों के निर्माण क्षेत्र की प्रमुख कंपनी वित्त वर्ष 2025-26 में उल्लेखनीय वित्तीय प्रदर्शन दर्ज करते हुए अपने रणनीतिक विस्तार और अधिग्रहण योजनाओं में महत्वपूर्ण प्रगति हासिल की है।
कंपनी ने बताया कि ओमकार स्पेशियलिटी केमिकल्स के अधिग्रहण से जुड़े सभी भुगतान दायित्वों को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। कंपनी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में परिचालन से प्राप्त राजस्व 46.3 प्रतिशत बढक़र 44.75 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह 30.58 करोड़ रुपये था। इसी अवधि में कुल आय 32.38 करोड़ रुपये से बढक़र 46.92 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।
वित्तीय प्रदर्शन में भी उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया। कंपनी का कर पूर्व लाभ (पीबीटी) 3.97 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष में 9.47 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। इसी तरह कर पश्चात लाभ (पीएटी) 3.55 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जबकि वर्ष 2024-25 में कंपनी को 9.30 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा था। कंपनी प्रबंधन के अनुसार, यह सुधार उत्पादन क्षमता के बेहतर उपयोग, परिचालन दक्षता में वृद्धि, बाजार में मजबूत उपस्थिति और वित्तीय अनुशासन का परिणाम है।
कंपनी ने बताया कि ओमकार स्पेशियलिटी केमिकल्स के अधिग्रहण की प्रक्रिया राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी), मुंबई पीठ द्वारा स्वीकृत समाधान योजना के अनुरूप पूरी की गई है। वर्तमान में अंतिम एनसीएलटी आदेश और अन्य कानूनी औपचारिकताओं की प्रतीक्षा की जा रही है।
प्रबंधन का मानना है कि इस अधिग्रहण से कंपनी को स्पेशियलिटी केमिकल्स क्षेत्र में अपनी उपस्थिति मजबूत करने, राजस्व स्रोतों में विविधता लाने और बेहतर लाभ मार्जिन हासिल करने में मदद मिलेगी। साथ ही यह दीर्घकालिक मूल्य सृजन की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।






