बीते एक सप्ताह से कम प्रेशर से 15 से 20 मिनट पानी सप्लाई से परेशान हैं रहवासी


 एवीएस न्यूज. भोपाल 


राजधानी में गर्मी बढ़ने के साथ जल संकट भी गहराने लगा है। बुधवार को पिपलिया पेंदे खां क्षेत्र की महिलाओं और रहवासियों ने पानी की समस्या को लेकर जोन-14 कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप था कि बीते एक सप्ताह से क्षेत्र में बेहद कम प्रेशर से केवल 15 से 20 मिनट तक ही पानी की सप्लाई की जा रही है, जिससे लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
 

जरूरत भर पानी नहीं मिल रहा
रहवासियों का कहना है कि कम प्रेशर के कारण कई घरों की टंकियां तक नहीं भर पा रहीं। लोगों को देर रात तक पानी आने का इंतजार करना पड़ता है, लेकिन इसके बावजूद जरूरत भर पानी नहीं मिल रहा। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों वाले परिवारों को उठानी पड़ रही है।

 


कम प्रेशर से पानी , कई घरों तक पानी पहुंच रहा 
स्थानीय रहवासी गोविंद तिवारी और विकास कुशवाहा ने बताया कि क्षेत्र में पानी सप्लाई की समस्या लगातार बनी हुई है। इसकी शिकायत वार्ड कार्यालय और क्षेत्रीय पार्षद सुरेंद्र वाडिका से भी की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। रहवासियों के अनुसार इलाके में बिछी पाइपलाइन कई स्थानों पर ऊंचाई और ढलान वाली स्थिति में है, जिसके कारण कम प्रेशर से पानी छोड़ने पर कई घरों तक पानी पहुंच ही नहीं पाता।


कई बार संपर्क किया, लेकिनकाल अटैंड नहीं किया
महिलाओं की मांग थी कि क्षेत्र में पर्याप्त प्रेशर के साथ नियमित पानी सप्लाई की जाए और पाइपलाइन व्यवस्था की जांच कर सुधार कार्य कराया जाए।

रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वार्ड और जोन कार्यालय का फिर से घेराव और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी के लिए जोन—14 के एई अमन सिंह से मोबाइल पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने काल अटैंड नहीं किया।