डॉ.राहुल का बेंगलुरु में 11वें सीपीए इंडिया रीजन कांग्रेस में सम्मान
बेंगलुरु। 11वें कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन (सीपीए) इंडिया रीजन कॉन्फ्रेंस, जिसे पहली बार कर्नाटक विधान सभा द्वारा भव्य विधान सौध में आयोजित किया गया, देश के शीर्ष संवैधानिक नेताओं की उपस्थिति में अत्यंत गरिमामय रूप से आरंभ हुआ। सीपीए राष्ट्रमंडल की संसदों का एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है, जिसका उद्देश्य लोकतंत्र, सुशासन और विधायकों के मध्य सहयोग को प्रोत्साहित करना है। भारत की लोकसभा एवं राज्यसभा इसके सक्रिय सदस्य हैं।
सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन, भारत के संस्थापक डॉ.राहुल वी.कराड को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें लोकतंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में उनके दूरदर्शी दृष्टिकोण, अटूट समर्पण और प्रेरणादायक प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
इस अवसर पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, कर्नाटक विधान परिषद के सभापति बसवराज होरट्टी, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार एवं विधानसभा अध्यक्ष यूटी खादर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

