बड़ी संख्या में पदोन्नति मिलने से उनमें नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ 


एवीएस न्यूज.भोपाल 
 मध्यप्रदेश राज्य कृषि उपज विपणन (मंडी) बोर्ड के अधिकारी-कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक सह आयुक्त कुमार पुरुषोत्तम के दिशा-निर्देश पर प्रदेश की 259 कृषि उपज मंडियों में कार्यरत 848 अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की गई है। लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे कर्मचारियों में इस निर्णय से खुशी की लहर है।


मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की अनुशंसा के आधार पर विभिन्न संवर्गों में पदोन्नति आदेश जारी किए हैं। इसमें उपयंत्री, मंडी निरीक्षक और सहायक वर्ग-3 सहित विभिन्न पदों पर कार्यरत कर्मचारियों को लाभ मिला है।


 

जारी आदेश के अनुसार 28 उपयंत्री (सिविल) को पदोन्नत कर सहायक यंत्री (सिविल) बनाया गया है। वहीं 774 मंडी निरीक्षकों को पदोन्नति का लाभ देते हुए उन्हें उच्च पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा 46 सहायक वर्ग-3 कर्मचारियों को पदोन्नत कर सहायक वर्ग-2 के पद पर नियुक्त किया गया है।
मंडी बोर्ड प्रबंधन का कहना है कि पदोन्नति प्रक्रिया से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और मंडियों के कामकाज में और अधिक दक्षता आएगी। विभागीय पदोन्नति समिति की प्रक्रिया को पूरा करने के बाद पारदर्शी तरीके से ये आदेश जारी किए गए हैं।

 


 

पदोन्नति आदेश जारी होने के बाद प्रदेशभर की कृषि उपज मंडियों में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारियों ने मंडी बोर्ड प्रबंधन के इस निर्णय का स्वागत किया है। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय बाद एक साथ इतनी बड़ी संख्या में पदोन्नति मिलने से उनमें नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।

 


 

मंडी बोर्ड से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, कर्मचारियों की कार्यक्षमता और जिम्मेदारियों को देखते हुए भविष्य में भी विभागीय प्रक्रियाओं के तहत पदोन्नति एवं सेवा संबंधी मामलों का निराकरण प्राथमिकता से किया जाएगा।