अरावली पहाड़ियों में बने प्रकृति संरक्षण आधारित मन मथ प्रोजेक्ट के लिए मिला पुरस्कार

एवीएस न्यूज . भोपाल 
 प्रकृति संरक्षण की सोच पर आधारित मन मथ प्रोजेक्ट के लिए शहर के ख्यात आर्किटेक्ट रुचिर तिवारी को दिल्ली में "जे के आर्किटेक्ट ऑफ द ईयर अवार्ड" से सम्मानित किया गया। यह होटल प्रोजेक्ट उदयपुर की अरावली पहाड़ियों में स्थित है, जहां पत्थर और चूने जैसी पारंपरिक भवन सामग्री का उपयोग कर प्राकृतिक रूप से ठंडा और पर्यावरण के अनुकूल ढांचा तैयार किया गया है।

इस प्रोजेक्ट के लिए रुचिर तिवारी को जे के सीमेंट द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्तर की डिज़ाइन प्रतियोगिता में चयनित किया गया। दिल्ली के ताज होटल में आयोजित सम्मान समारोह में भारत के पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने रुचिर को सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में विश्वभर के आर्किटेक्ट शामिल हुए थे और इसमें 100 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं।

वर्ष 2008 से इंदौर में कार्यरत रुचिर तिवारी अपने संस्थान आर्किटेक्चर बेसिक्स के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों में आधुनिक और सस्टेनेबल बिल्डिंग्स डिज़ाइन कर रहे हैं। प्रकृति के साथ संतुलन बनाने वाले उनके डिज़ाइनों को पहले भी कई प्रतिष्ठित मंचों पर सराहा जा चुका है।