रिलायंस देगा 44 लाख से अधिक शेयरधारक कोएजीएम से जुड़ी सभी जानकारियां मोबाइल फोन पर
एवीएस न्यूज.मुंबई
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने अपनी 49वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) से पहले शेयरधारकों की सुविधा के लिए वॉट्सएप आधारित एजीएम डिजिटल असिसमेंट सक्रिय कर दिया है। कंपनी की यह सेवा लगातार छठे वर्ष उपलब्ध कराई जा रही है, जिसके माध्यम से 44 लाख से अधिक शेयरधारक एजीएम से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां और सेवाएं सीधे अपने मोबाइल फोन पर प्राप्त कर सकेंगे।
कंपनी ने एजीएम डिजिटल असिसमेंट को वॉट्सएप नंबर +91 79771 11111 पर शुरू किया है। शेयरधारकों को केवल इस नंबर को अपने मोबाइल में सेव कर वॉट्सएप पर "ही" संदेश भेजना होगा। इसके बाद चैटबॉट का मेन्यू खुल जाएगा, जहां एजीएम, ई-वोटिंग, डिविडेंड, टैक्सेशन और अन्य सेवाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध होगी।
रिलायंस इंडस्ट्रीज की 49वीं वार्षिक आम बैठक (पोस्ट-आईपीओ) 19 जून 2026, शुक्रवार को दोपहर 2 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जियो एवेंट्स प्लेटफॉर्म पर आयोजित की जाएगी। कंपनी ने वर्ष 2020 में एजीएम प्रक्रियाओं को सरल और अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से इस डिजिटल पहल की शुरुआत की थी।
रिलायंस का दावा है कि एजीएम के लिए समर्पित वॉट्सएप चैटबॉट सेवा शुरू करने वाली वह भारत की पहली कंपनी है। वर्ष 2026 में यह सेवा लगातार छठे साल संचालित की जा रही है।
एजीएम डिजिटल असिसमेंट के जरिए शेयरधारक एजीएम की तारीख और समय, बैठक में शामिल होने की प्रक्रिया, रिमोट ई-वोटिंग, इंस्टा पोल, लाभांश, कराधान, महत्वपूर्ण दस्तावेज़, उपयोगी लिंक तथा अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा, वे एजीएम के दौरान अपने प्रश्न भेजने, दस्तावेज़ डाउनलोड करने और विभिन्न प्रक्रियाओं को समझने के लिए भी चैटबॉट का उपयोग कर सकेंगे।
कंपनी के अनुसार, चैटबॉट के माध्यम से एजीएम सपोर्ट ईमेल और रजिस्ट्रार हेल्पडेस्क की जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है। यह सेवा 24 घंटे, सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी और एजीएम की समाप्ति तक सक्रिय बनी रहेगी।
रिलायंस इंडस्ट्रीज की वार्षिक रिपोर्ट 2025-26 के अनुसार कंपनी के कुल 44,21,289 शेयरधारक हैं। ऐसे में यह डिजिटल मंच बड़ी संख्या में निवेशकों और शेयरधारकों को एजीएम प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ-साथ आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।






