व्यापार, स्वदेशी, संगठन सशक्तिकरण और विकसित भारत के संकल्प पर हुआ मंथन
 

 एवीएस न्यूज.भोपाल 
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की ओर से भोपाल में राज्य स्तरीय व्यापारी सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें मध्यप्रदेश के लगभग सभी जिलों से करीब 250 प्रमुख व्यापारी नेताओं और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन का उद्घाटन विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने किया। कार्यक्रम में  कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल, कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया, राष्ट्रीय चेयरमैन बृजमोहन अग्रवाल, कैट मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र जैन और प्रदेश मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा सहित कई वरिष्ठ व्यापारी नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।


 वोकल फॉर लोकल आत्मनिर्भर भारत का आधार
सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘वोकल फॉर लोकल’ का मंत्र केवल आर्थिक अभियान नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का राष्ट्रीय आंदोलन है। भारतीय उत्पादों के उपयोग और उनके प्रचार से देश के कारीगरों, लघु उद्योगों, स्टार्टअप और व्यापारिक समुदाय को मजबूती मिलती है।कैट के राष्ट्रीय महामंत्री और सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि नई दिल्ली के भारत मंडपम में 12 से 15 अगस्त तक आयोजित भारतीय व्यापार महोत्सव ने देश के व्यापारिक इतिहास में नया अध्याय जोड़ा है।  


संगठन को और मजबूत बनाने पर जोर
कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया ने संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए कहा कि कैट को देश के सबसे मजबूत व्यापारी संगठनों में और अधिक प्रभावी बनाने की जरूरत है। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन की जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने तथा व्यापारिक समुदाय की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने का आह्वान किया। राष्ट्रीय चेयरमैन बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आने वाले वर्षों में भारतीय उत्पादों के उपयोग और प्रचार-प्रसार को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा।  


व्यापारियों को तकनीक और नए बाजारों से जोड़ने पर जोर
कैट मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र जैन ने व्यापारियों और व्यापारिक संगठनों से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

प्रदेश मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि भोपाल में आयोजित सम्मेलन ने मध्यप्रदेश के व्यापारिक समुदाय की एकजुटता और सामूहिक शक्ति का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लगभग सभी जिलों से 250 प्रमुख व्यापारिक नेताओं की भागीदारी यह दर्शाती है कि व्यापारी वर्ग अब केवल अपने व्यापारिक हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वदेशी, आत्मनिर्भर भारत, रोजगार सृजन और विकसित भारत के निर्माण में भी भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

कैट मध्यप्रदेश ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की भावना को प्रदेश के हर बाजार तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए व्यापारिक प्रतिनिधियों ने व्यापार, कराधान, डिजिटलीकरण, ई-कॉमर्स, स्वदेशी उत्पादों के प्रोत्साहन और व्यापारिक संगठनों की भूमिका सहित विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।