धनतेरस: भोपाल में कारोबार, 600 करोड़ के पार
राजधानी भोपाल में 4200 कारें और 10 हजार टू-व्हीलर्स की बिक्री का अनुमान
शिवनारायण सोनी, भोपाल।
धनतेरस पर बाजारों में खरीदारों की जबरदस्त भीड़ रही और चौतरफा का खरीदारी का बूम रहा है। सोने-चांदी के भाव घटने से स्थानीय सराफा बाजार में सिक्के, मूर्ति और आभूषणों की खरीदी का जबरदस्त उत्साह रहा । जबकि ऑटोमोबाइल सेक्टर में दीपोत्सव पूर्व वाहन खरीदी की में 20 फीसदी का ग्रोथ रहा। लेकिन धनतेरस शनिवार के दिन पड़ने इस सेक्टर में वाहनों की खरीदी के धनतेरस पर तो हुई ही साथ ही एक दिन और धनतेरस के एक दिन बाद भी खरीदारी का बूम रहेगा।
भोपाल ऑटोमोबाइल एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष पांडेय ने बताया कि इस बार की धनतेरस तीन दिनों में बट गई। क्योंकि शनिवार को दिन धनतेरस होने से अधिकांश लोगों ने इसके पूर्व वाहनों की खरीदी तो एक दिन बाद यानी रविवार को वाहन की चाबी अपने हाथ में लेंगे। पांडेय ने बताया तीन दिनों बंटे इस धनतेरस पर राजधानी भोपाल में 4200 कारें और 10 हजार टू-व्हीलर्स की बिक्री का अनुमान है।
आरएमजे मोटर्स के सुनील जैन 501 ने बताया कि धनतेरस पर हमारे नेक्सा और एरीना शोरूम से 90 लग्जरी कारें बिकी और कल यानी रविवार को 100 से अधिक कार की चाबी ग्राहकों को सौंपी जाएंगी। वहीं वरेण्यम मोटर्स के विशाल जौहरी ने बताया कि धनतेरस पर राजधानी भोपाल में करीब 900 कारें और 750 बाइक्स की बिक्री हुई। उन्होंने बताया कि इस बार की धनतेरस तीन दिन में बंट गई। जिसके बदौलत धनतेरस के एक दिन पहले जहां कार और टूव्हीलर्स की बंपर बिक्री हुई तो धनतेरस और धनतेरस के बाद भी कार और टू व्हीलर्स की बंपर बिक्री होगी। जौहरी ने बतायाकि वरेण्यम मोटर्स ने दो दिन में 500 कारों की बिक्री की। श्री भोपाल सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश अग्रवाल और सर्राफा महासंघ भोपाल संगठन महामंत्री ,प्रवक्ता नवनीत अग्रवाल ने बताया कि राजधानी भोपाल में 700 से अधिक छोटे- बड़े ज्वेलर्स है। अत: एक अनुमान के अनुसार धनतेरस पर राजधानी भोपाल में 20 किलो से अधिक का सोना और करीब डेढ़ क्विंटल चांदी की बिक्री हुई। यानि भोपाल के सराफा बाजार में 50 करोड़ रुपए से अधिक का व्यापार हुआ। इसके अलावा रियल एस्टेट, बर्तन , इलेक्ट्रॉनिक्स, जनरल गुड्स, किराना आयटम, मिठाई, ड्रायफूट्स , साज-सज्जा सहित अन्य दीपोत्सव उपयोगी सामग्री में बंपर बिक्री हुई। बाजार जानकारों के अनुसार इन सभी सेक्टरों को मिलाकर राजधानी भोपाल में धनतेरस पर 600 करोड़ रुपए के अधिक की धन वर्षा हुई।
- रियल एस्टेट में भी गर्माहट, 150 करोड़ की बुकिंग की संभावना

क्रेडाई भोपाल के अध्यक्ष मनोज मीक ने बताया कि राखी से मकर संक्रांति तक रियल एस्टेट का पीक सीजन रहता है। इस बार धनतेरस पर 35-38 फीसदी तक ग्रोथ का अनुमान है। प्लॉट्स और डुप्लेक्स की मांग सबसे ज्यादा है, वहीं 1 करोड़ से ऊपर की प्रॉपर्टी में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
- मध्यप्रदेश में 2500 करोड़ के कारोबार की संभावना

धनतेरस को लेकर राजधानी भोपाल के बाजार रौशन हो उठे हैं। शहर के प्रमुख मार्केट, ऑटो शोरूम, सराफा और रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स पर ग्राहकों की चहल-पहल से माहौल पूरी तरह उत्सव में तब्दील हो गया है। इस बार धनतेरस पर भोपाल में करीब 1000 करोड़ रुपए से अधिक के कारोबार की संभावना जताई जा रही है। धनतेरस को देखते हुए न्यू मार्केट, चौक बाजार, सराफा बाजार, बिट्ठल मार्केट, और मीनाल मॉल सहित शहर के तमाम प्रमुख बाजार सजे-धजे नजर आ रहे हैं। खासकर बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, सोना-चांदी और ऑटो सेक्टर में भारी खरीदारी हो रही है।
धनतेरस बाजार धनवर्षा पर एक नजर
ऑटोमोबाइल सेक्टर - 500 करोड़ रुपए
सराफा बाजार _ 50 करोड़ रुपए
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार - 20 करोड़ रुपए
बर्तन बाजार - 10 करोड़ रुपए
जनरल गुड्स आयटम - 10 करोड़ रुपए
मिठाई और ड्रायफूट्स- 12 करोड़ रुपए
साज - सज्जा सामग्री - 5 करोड़ रुपए
अन्य किराना सहित सामग्रियों में - 5 करोड़ रुपए

