दूर-दूर से आकर आनंद ले रहे लोग 

एवीएस न्यूज. भोपाल

 टीटी नगर दशहरा मैदान भोपाल में 32 वर्षों से निरंतर आयोजित ऐतिहासिक भोपाल उत्सव मेले में भारी भीड़ उमड़ रही है। रंग-बिरंगी लाइटों से सजा यह मेला लोगों को आकर्षित कर रहा है। यह मेला अपने सांस्कृतिक महत्व और मनोरंजन के लिए प्रसिद्ध है, जिसमें दूर-दूर से लोग आकर आनंद ले रहे हैं।

मेला समिति द्वारा लकी ड्रा कूपन योजना के चलते यहां के दुकानदारों द्वारा  500 रुपए खरीदी पर दिए जा रहे एक कूपन से यहां खरीदारी का रंग खूब जमा हुआ है। लोग जमकर सामानों की खरीदारी कर  रहे हैं। आलम यह है कि भोपाल उत्सव मेला में दिन-ब-दिन चहल-पहल बढ़ती जा रही है। मेले में कारोबारियों को इस बार अच्छे कारोबार की उम्मीद है। शाम के बाद रंग-बिरंगी लाइट से मेले की सुंदरता और भी बढ़ जा रही है। मेले में लोग सस्ते दामों पर घरेलू सामान खरीदने और बच्चों के झूलों का आनंद लेने आ रहे हैं। 

 भोपाल ही नहीं ग्रामीण अंचलों के लोग भी पहुंच रहे मेला  
मेला समिति के महामंत्री सुनील जैनाविन ने बताया कि यह मेला दूर-दूर से लोगों को खींच रहा है, जो यहां घरेलू सामान कम दामों पर खरीदने आते हैं। मेला अपने आकर्षक दुकानों और मनोरंजन के साधनों के लिए जाना जाता है, इस बार भी यहां हजारों लोग रोजाना पहुंच रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के लोग दिन में मेले में आ रहे हैं, जबकि शहर और आसपास के लोग शाम के समय का नजारा देखना पसंद कर रहे हैं। मेले से ई-रिक्शा चालकों की आमदनी भी बढ़ी है। विभिन्न गांवों के लोग मेले में पहुंच रहे हैं।


 मेले का माहौल और भी खुशहाल  
इस साल के मेले में बच्चों के लिए खास तरह के झूले और मनोरंजन के साधन लगाए गए हैं। ट्रेन राइड, प्लेन वाला झूला, ब्रेक डांस झूला, और मौत का कुआ जैसे झूले बच्चों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। इसके अलावा अन्य झूले पर भी बच्चों का जमावड़ा लगा रहता है। बच्चे इन झूलों में मस्ती करते हुए नजर आ रहे हैं, जिससे मेले का माहौल और भी खुशहाल हो गया है। मेले में सिर्फ मनोरंजन ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है।