आईडीबीआई बैंक ने लॉन्च किया एफसीएनआर (बी) स्पेशल अपॉर्च्युनिटी डिपॉज़िट, एनआरआई को मिलेगा आकर्षक रिटर्न
एवीएस न्यूज. मुंबई
आईडीबीआई बैंक ने गैर-निवासी भारतीयों (एनआरआई) के लिए अमेरिकी डॉलर में एफसीएनआर (बी) स्पेशल अपॉर्च्युनिटी डिपॉज़िट योजना शुरू की है। बैंक का कहना है कि यह विशेष जमा योजना एनआरआई ग्राहकों को विदेशी मुद्रा में सुरक्षित निवेश के साथ बेहतर रिटर्न का अवसर प्रदान करेगी।
बैंक द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, यह विशेष ऑफर 11 जून 2026 से 30 सितंबर 2026 तक सीमित अवधि के लिए उपलब्ध रहेगा। योजना के तहत अमेरिकी डॉलर में जमा राशि पर विभिन्न अवधि और निवेश राशि के आधार पर आकर्षक ब्याज दरें दी जाएंगी।
तीन वर्ष से चार वर्ष से कम अवधि के डिपॉज़िट पर 10 लाख अमेरिकी डॉलर तक की जमा राशि के लिए 6.00 प्रतिशत, 10 लाख डॉलर से अधिक और 50 लाख डॉलर तक की राशि के लिए 6.05 प्रतिशत तथा 50 लाख डॉलर से अधिक की राशि पर 6.10 प्रतिशत ब्याज मिलेगा।
इसी प्रकार चार वर्ष से पांच वर्ष से कम अवधि के डिपॉज़िट पर ब्याज दरें 6.05 प्रतिशत से 6.15 प्रतिशत तक निर्धारित की गई हैं। वहीं पांच वर्ष की अवधि के लिए ग्राहकों को 6.10 प्रतिशत से 6.20 प्रतिशत तक का आकर्षक रिटर्न मिलेगा।
बैंक के अनुसार, इस योजना की प्रमुख विशेषताओं में मूल राशि और अर्जित ब्याज को पूर्ण रूप से स्वदेश भेजने (रिपैट्रिएशन) की सुविधा शामिल है। चूंकि जमा राशि और उसका प्रबंधन पूरी तरह अमेरिकी डॉलर में किया जाएगा, इसलिए ग्राहकों को विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव से भी सुरक्षा मिलेगी।
इसके अलावा, मौजूदा कर नियमों के अधीन इस जमा पर अर्जित ब्याज भारत में आयकर से छूट के दायरे में रहेगा। योजना के तहत न्यूनतम लॉक-इन अवधि एक वर्ष निर्धारित की गई है।
बैंक का मानना है कि वैश्विक स्तर पर बेहतर रिटर्न की तलाश कर रहे एनआरआई ग्राहकों के लिए यह योजना विदेशी मुद्रा में निवेश का एक आकर्षक और सुरक्षित विकल्प साबित होगी।






