पीएलआई विवाद पर बैंक कर्मियों का उबाल, भोपाल सहित देशभर में विरोध
न्यायसंगत समाधान नहीं होने पर बैंककर्मी ने दी राष्ट्रव्यापी हड़ताल की चेतावनी
एवीएस न्यूज..भोपाल
राजधानी भोपाल सहित मध्यप्रदेश और देशभर में बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने संशोधित पीएलआई योजना के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। 21 मार्च से बैंककर्मी काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। "वर्क टू रूल" जारी है। अतिरिक्त सहयोग बंद कर दिया है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर आयोजित इस आंदोलन में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लेकर एकजुटता का परिचय दिया।
यूनाइटेड फोरम ऑफ़ बैंक यूनियंस मध्य प्रदेश के कोऑर्डिनेटर वीके शर्मा ने यूएफबीयू की ओर से आरोप लगाया है कि वित्तीय सेवा विभाग द्वारा प्रस्तावित नई पीएलआई नीति एकतरफा, भेदभावपूर्ण और विभाजनकारी है, जो वर्तमान द्विपक्षीय समझौते की मूल भावना के विपरीत है।
संगठन के अनुसार यह योजना कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच अनावश्यक अंतर पैदा कर बैंकिंग व्यवस्था की एकता और कार्यसंस्कृति को प्रभावित कर सकती है। संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि यह मामला वर्तमान में मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) के समक्ष विचाराधीन है। ऐसे में किसी भी प्रकार का एकतरफा निर्णय औद्योगिक शांति के लिए घातक होगा और इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
यूएफबीयू ने वित्तीय सेवा विभाग, भारतीय बैंक संघ एवं सभी बैंकों के प्रबंधन से तत्काल हस्तक्षेप कर एकतरफा कदमों पर रोक लगाने तथा संवाद के माध्यम से शीघ्र और न्यायसंगत समाधान निकालने की मांग की है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो बैंकिंग क्षेत्र में व्यापक असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित प्राधिकरणों की होगी। फोरम ने समस्त बैंक कर्मचारी और अधिकारियों को अल्प सूचना पर हड़ताल में शामिल होने के लिए तैयार रहने का आह्वान किया है।

