राजा भोज एयरपोर्ट एडवाइज़री कमेटी के मेंबर ने कहा-राजनीतिक हलचल के बीच राजा भोज एयरपोर्ट की गरिमा और यात्री सुविधा सर्वोपरि
एयरपोर्ट निदेशक द्वारा अवगत कराया गया कि यात्रियों को कोई असुविधा नहीं हुई, क्योंकि राजा भोज विमानतल पर आगमन और प्रस्थान की व्यवस्था अलग-अलग फ्लोर पर संचालित है: मनोज मीक
एवीएस न्यूज.भोपाल
राजा भोज एयरपोर्ट एडवाइज़री कमेटी के मेंबर मनोज मीक ने बताया कि मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव से जुड़े मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम के कारण आज राजा भोज विमानतल, भोपाल पर जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और मीडिया की विशेष आवाजाही देखी गई। सोशल मीडिया पर एयरपोर्ट की व्यवस्था और यात्रियों की सुविधा को लेकर कुछ प्रतिक्रियाएँ भी सामने आईं।
इस संदर्भ में, राजा भोज एयरपोर्ट एडवाइज़री कमेटी के सदस्य के रूप में मैंने एयरपोर्ट प्रशासन से यात्री सुविधा और संचालन व्यवस्था की जानकारी ली। एयरपोर्ट निदेशक द्वारा अवगत कराया गया कि यात्रियों को कोई असुविधा नहीं हुई, क्योंकि राजा भोज विमानतल पर आगमन और प्रस्थान की व्यवस्था अलग-अलग फ्लोर पर संचालित है।
मेरा मत है कि राजनीतिक गतिविधियाँ लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं, किंतु एयरपोर्ट जैसे सार्वजनिक सुविधा केंद्र पर सामान्य यात्रियों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और परिवारों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहनी चाहिए।
राजा भोज राजा भोज एयरपोर्ट भोपाल की पहली छवि है। इसे बेहतर बनाने, एयर-कनेक्टिविटी बढ़ाने, यात्री सुविधाओं को उन्नत करने और भोपाल को ‘कमाल का भोपाल’ के रूप में स्थापित करने के लिए गंभीर प्रयास चल रहे हैं। किसी भी राजनीतिक परिस्थिति में ये सकारात्मक और दीर्घकालिक प्रयास प्रभावित नहीं होने चाहिए।
एयरपोर्ट एडवाइज़री कमेटी के सदस्य के रूप में मेरी भूमिका राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप पर टिप्पणी करना नहीं है, लेकिन यात्री सुविधा, सुचारू संचालन, सुरक्षा और राजा भोज विमानतल की गरिमा पर ध्यान दिलाना ज़रूर है। यह संतोष का विषय है कि विशेष परिस्थिति में भी सामान्य यात्री संचालन प्रभावित नहीं हुआ।
भविष्य में भी ऐसी किसी विशेष आवाजाही या भीड़ की स्थिति में एयरपोर्ट प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियों और संबंधित पक्षों के बीच समन्वय बना रहे, ताकि राजधानी भोपाल के एयरपोर्ट की व्यवस्था, यात्रियों का अनुभव और शहर की सकारात्मक पहचान किसी भी परिस्थिति में प्रभावित न हो।






