श्री मां आशापुरा दरबार में तीन दिवसीय 41वां नि:शुल्क नेत्र शिविर आज से
एवीएस न्यूज .भोपाल
श्री मां आशापुरा दरबार द्वारा जनकल्याण की भावना से 41वां विशाल नि:शुल्क नेत्र शिविर, नेत्र ज्योति यज्ञ के रूप में आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर आज से शुरू होकर 16 दिसंबर 2025 तक चलेगा। श्री मां आशापुरा दरबार द्वारा प्रतिवर्ष यह नि: शुल्क शिविर लगाया जाता है और उसमें आसपास के ग्रामीण क्षेत्र से करीब 3000 मरीजों की जांच तथा करीब 350 मरीज के ऑपरेशन नि: शुल्क करवाए जाते हैं। इस पुनीत आयोजन का भव्य उद्घाटन आज सुश्री गीता माता के सानिध्य में आदर्श सिंधु समाज (श्री झूलेलाल मंदिर), हनुमान मंदिर के पास, कोहेफिजा, भोपाल पर किया जाएगा। उद्घाटन अवसर के शुभारंभ में भोपाल सांसद आलोक शर्मा सांसद, श्रीमती कृष्णा गौर (राज्य मंत्री, मध्य प्रदेश शासन, महापौर श्रीमती मालती राय महापौर,मनोज राठौर एवं राजेश हिंगोरानी (पार्षद एवं एमआइ.सी सदस्य) तथा श्रीमती विनीता सोनी (पार्षद) प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
इस नि:शुल्क नेत्र शिविर में चिरायु चैरिटेबल फाउंडेशन, भोपाल के अनुभवी चिकित्सकों डॉ. एमके अजवानी, डॉ. मधु चंचलानी, डॉ. राहुल अग्रवाल एवं अन्य सहयोगी चिकित्सकों के माध्यम से नेत्र परीक्षण, परामर्श तथा आवश्यकता अनुसार मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण की सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। मोतियाबिंद से संबंधित जांच, भर्ती एवं ऑपरेशन के लिए चयन आज और कल किया जाएगा। आयोजकों ने शहर एवं आसपास के क्षेत्र के जरूरतमंद नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस नि:शुल्क नेत्र शिविर का लाभ उठाएं एवं इस जनसेवा कार्य को सफल बनाएँ।

