एवीएस न्यूज.ग्वालियर 
निवेशकों के बीच वित्तीय साक्षरता बढ़ाने और म्यूचुअल फंड निवेश के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से केनरा रोबेको एसेट मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड (केनरा रोबेको एएमसी) ने मध्य प्रदेश में ‘निवेश बस यात्रा’ शुरू करने की घोषणा की है। यह पहल राज्य के विभिन्न शहरों में लोगों तक निवेश संबंधी जानकारी पहुंचाएगी और यात्रा का समापन ग्वालियर में होगा।

केनरा रोबेको म्यूचुअल फंड के निवेश प्रबंधक के रूप में कार्यरत कंपनी की यह बस यात्रा इंदौर से शुरू होकर उज्जैन, देवास, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर सहित कई प्रमुख शहरों का दौरा करेगी। इस दौरान निवेशकों को म्यूचुअल फंड, वित्तीय योजना और निवेश के विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।

केनरा रोबेको एएमसी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी रजनीश नरूला ने कहा कि आज के बदलते वित्तीय माहौल में निवेश संबंधी ज्ञान बेहद महत्वपूर्ण है। उनका कहना है कि एक जागरूक निवेशक न केवल अपने लिए बेहतर वित्तीय निर्णय लेता है, बल्कि मजबूत वित्तीय व्यवस्था के निर्माण में भी योगदान देता है। उन्होंने बताया कि कंपनी का उद्देश्य निवेश संबंधी जानकारी को सरल, सुलभ और व्यावहारिक बनाना है ताकि आम लोग भी वित्तीय योजना और निवेश को बेहतर ढंग से समझ सकें।

नरूला ने कहा कि इससे पहले ‘निवेश बस यात्रा’ केरल, पंजाब, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, कर्नाटक, राजस्थान, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, असम, महाराष्ट्र, गोवा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू सहित कई राज्यों में आयोजित की जा चुकी है। अब इस पहल को मध्य प्रदेश में लाकर अधिक से अधिक लोगों को वित्तीय शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर इंटरैक्टिव सत्र, संवाद कार्यक्रम और डिजिटल संसाधनों के माध्यम से निवेश से जुड़ी अवधारणाओं को सरल तरीके से समझाया जाएगा। साथ ही म्यूचुअल फंड निवेश से जुड़े आम मिथकों और भ्रांतियों को भी दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

केनरा रोबेको एएमसी के हेड-सेल्स एंड मार्केटिंग गौरव गोयल ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य निवेशकों को व्यावहारिक और उपयोगी वित्तीय ज्ञान प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि ‘निवेश बस यात्रा’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो सीधे लोगों तक पहुंचकर उन्हें निवेश और दीर्घकालिक वित्तीय योजना के प्रति जागरूक करेगी।

कंपनी का मानना है कि इस पहल के जरिए मध्य प्रदेश के विभिन्न शहरों में रहने वाले लोगों को वित्तीय निर्णय लेने की बेहतर समझ मिलेगी और वे अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए सही निवेश विकल्पों का चयन कर सकेंगे।