मेघालय पाइनएप्पल फेस्टिवल 2025 के तीसरे संस्करण का उद्घाटन

नई दिल्ली। मेघालय पाइनएप्पल फेस्टिवल, 2025, अपने तीसरे संस्करण के साथ शुक्रवार को नई दिल्ली में एक बार फिर लौटा। यह पर्व न केवल मेघालय की कृषि सफलता का उत्सव है, बल्कि भारत के किसानों के उज्ज्वल भविष्य की झलक भी है। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किया गया, जिनके साथ मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा तथा भारत सरकार और मेघालय सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
चौहान ने कहाकि दिल्ली की हवाओं में मेघालय की महक महसूस की जा रही है। यहां की फिजाएं आज मेघालय के अनानास से सराबोर हैं। मुझे पहले से पता था कि मेघालय में बहुत अच्छा अनानास होता है, लेकिन जब आज मैंने खाया, तो खाता ही रह गया। ऐसा रस और ऐसी मिठास मैंने किसी अनानास में नहीं देखी। यह सिर्फ रस नहीं है, यह मेघालय की माटी की मिठास है- यह मेघालय का प्रेम है पूरे हिंदुस्तान के लिए। मैं भारत सरकार की ओर से यह भरोसा देता हूं कि जब भी मेघालय से आवाज आएगी, भारत सरकार और कृषि मंत्रालय हमेशा साथ खड़े रहेंगे।