एवीएस न्यूज. भोपाल
इंडस्ट्रियल, इलेक्ट्रॉनिक और स्पेशियलिटी गैस क्षेत्र की अग्रणी कंपनी आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने इंसोलेशन ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड (आईएनए सोलर) के साथ 15 वर्षों के लिए दीर्घकालिक आपूर्ति समझौता किया है।

इस करार के तहत मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में स्थापित किए जा रहे 4.5 गीगावॉट क्षमता वाले सोलर सेल निर्माण संयंत्र को अल्ट्रा हाई प्योरिटी (UHP) नाइट्रोजन की आपूर्ति की जाएगी।

समझौते के अनुसार, आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स अपनी नर्मदापुरम स्थित मौजूदा एयर सेपरेशन यूनिट (ASU) से समर्पित पाइपलाइन नेटवर्क तैयार करेगा। इसके जरिए प्लांट को हर घंटे 2,400 Nm³ अल्ट्रा हाई प्योरिटी नाइट्रोजन की लगातार और भरोसेमंद आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। यह गैस आधुनिक सोलर सेल निर्माण प्रक्रिया में गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है।

आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स के हेड, स्ट्रेटजी एंड बिजनेस डेवलपमेंट दिगंत सरमा ने कहा कि यह साझेदारी भारत के रिन्यूएबल एनर्जी मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मजबूती देने की दिशा में अहम कदम है।

उन्होंने बताया कि कंपनी इस परियोजना के लिए आवश्यक पाइपलाइन इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश करेगी, जिससे उन्नत सोलर पैनल निर्माण के लिए निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

वहीं, आईएनए सोलर के मैनेजिंग डायरेक्टर विकास जैन ने कहा कि विश्वस्तरीय सोलर पैनल निर्माण के लिए उच्च गुणवत्ता वाले संसाधनों और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर की आवश्यकता होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स के साथ यह साझेदारी कंपनी की उत्पादन क्षमता और गुणवत्ता को और मजबूत करेगी तथा भारत के आत्मनिर्भर क्लीन एनर्जी इकोसिस्टम को गति देगी।

कंपनी के अनुसार, यह समझौता सोलर एनर्जी, सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स की बढ़ती भूमिका को भी दर्शाता है। पिछले एक वर्ष में सोलर सेक्टर में कई महत्वपूर्ण साझेदारियां करने के बाद कंपनी खुद को भारत की क्लीन एनर्जी मैन्युफैक्चरिंग के प्रमुख साझेदार के रूप में स्थापित करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है।