नेटफ्लिक्स लेकर आ रहा है चुंबक परिवार, जो 28 अगस्त से हर घर का हिस्सा बनेगा
एवीएस न्यूज मुंबई
हर मोहल्ले में एक ऐसा परिवार जरूर होता है, जो कभी चीनी उधार मांग लेता है, कभी बिना बताए घर आ जाता है, आपकी खुशी में आपसे भी ज्यादा खुश होता है और कई बार उन्हें आपके बारे में खबर आपसे पहले ही पता चल जाती है।
अब सोचिए, ऐसे ही पाँच परिवार एक ही मोहल्ले में साथ रहते हों, तो कितना हंगामा मचेगा! चुंबक आपको फिर से उसी पुराने अपनेपन वाले मोहल्ले की याद दिलाएगी, जहाँ घरों के दरवाजे हमेशा खुले रहते थे और पड़ोसियों से मिलने के लिए किसी अपॉइंटमेंट की ज़रूरत नहीं होती थी। तो तैयार हो जाइए, नेटफ्लिक्स के नए परिवार चुंबक से मिलने के लिए!
28 अगस्त से स्ट्रीम होने वाली चुंबक एक हल्की-फुल्की, दिल को छू लेने वाली मल्टी-जनरेशन कॉमेडी सीरीज़ है। इसकी कहानी आज के शहरी भारतीय मोहल्ले पर आधारित है, जहां हर छोटी-बड़ी खुशी मिलकर मनाई जाती है, कोई भी परेशानी सिर्फ एक घर तक सीमित नहीं रहती और हर दिन हंसी-मजाक, मस्ती और भरपूर हंगामे से भरा होता है।
इस सीरीज़ में नीना गुप्ता, देवन भोजानी, अर्जुन बिजलानी, हेली शाह, मानसी पारेख, सुमीत व्यास, संदीपा धर, सुमीत राघवन, अनंत वी. जोशी, अमायरा दस्तूर, डेलनाज़ ईरानी और अतुल कुमार जैसे बेहतरीन कलाकार नजऱ आएंगे। 'चुंबक' में आपको ऐसे यादगार किरदार देखने को मिलेंगे, जो कभी बिना मांगे सलाह देते हैं, कभी हर समस्या का हल निकालने में जुट जाते हैं, कभी-कभी अनजाने में नई मुसीबत खड़ी कर देते हैं और गपशप के इतने शौकीन होते हैं कि रोजमर्रा की छोटी-सी घटना को भी बड़ा मुद्दा बना देते हैं।
भारत के सबसे पसंदीदा कल्ट क्लासिक शो साराभाई वर्सेस साराभाई और खिचड़ी के निर्माता-लेखक आतिश कपाडय़िा और निर्माता जेडी मजेठिया की जोड़ी एक बार फिर चुंबक के साथ लौट रही है। यह सीरीज़ उनकी खास अंदाज में कहानी सुनाने की कला को फिर से पेश करती है, जिसमें रिश्तों की मिठास, मजेदार पल और रोजमर्रा की जिंदगी की छोटी-छोटी बातें देखने को मिलती हैं। यह दर्शकों को एक ऐसे प्यारे समुदाय से जोड़ती है, जहां पड़ोसी धीरे-धीरे परिवार जैसे बन जाते हैं।
नेटफ्लिक्स इंडिया की सीरीज़ हेड तान्या बामी ने कहाकिचुंबक हमारी नई कॉमेडी सीरीज है। कॉमेडी ऐसा जॉनर है जिसे नेटफ्लिक्स के दर्शक खूब पसंद करते हैं। आज की भागदौड़ भरी ज़िंदगी में पड़ोसी भी हमारे परिवार का हिस्सा बन जाते हैं। जेडी मजेठिया और आतिश कपाडय़िा ने चुंबक के जरिए ऐसे ही एक समुदाय, उनके रिश्तों, उनकी खास आदतों और आपसी जुड़ाव को खूबसूरती से दिखाया है।
हमें उम्मीद है कि चुंबक की दुनिया और इसके दिलचस्प किरदार दर्शकों को अपने जैसे लगेंगे। यह कहानी आज के समय की शादियों, नई पीढ़ी की परवरिश, उम्र बढऩे के साथ बदलती दोस्ती और एक समुदाय के रूप में साथ रहने जैसी बातों को दिखाती है। जेडी और आतिश की कॉमेडी कहानियों की खास बात यह है कि वह परिवार को साथ जोड़ती है, क्योंकि उनकी कहानियां तुरंत अपनापन महसूस कराती हैं, मनोरंजन से भरपूर होती हैं और उनमें दिल से जुड़ी भावनाएं होती हैं।
निर्माता और शो रनर जेडी मजेठिया और लेखक, निर्देशक व सह-निर्माता आतिश कपाडय़िा ने कहा, कि ‘चुंबक’ के जरिए हम उस खूबसूरत माहौल को दिखाना चाहते थे, जिसे हम सभी ने कभी न कभी महसूस किया है, लेकिन अब शायद उसकी उतनी कद्र नहीं करते। यह उन पुराने मोहल्लों की कहानी है, जहां किसी के घर जाने के लिए बुलावे की जरूरत नहीं होती थी और पड़ोसी धीरे-धीरे परिवार का हिस्सा बन जाते थे।
कॉमेडी हमेशा से हमारे लिए लोगों और रिश्तों की कहानियां बताने का एक खास तरीका रही है। नेटफ्लिक्स के साथ हमें ऐसा साथी मिला, जिसके जरिए हम अपनी खास पारिवारिक कॉमेडी शो को देशभर और दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचा सकेंगे। चुंबक एक ऐसा शो है जो परिवारों को एक साथ जोडऩे का काम करेगा।


