एवीएस न्यूज..भोपाल 


एनएचडीसी निगम मुख्‍यालय द्वारा अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए कार्यालयीन कामकाज में आधुनिक तकनीकी उपकरणों के माध्यम से हिंदी के प्रयोग को सरल और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से डिजिटल कार्यसंस्कृति और राजभाषा हिंदी विषय पर एक विशेष प्रशिक्षण हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया । इस मौके पर श्रीमती रेशमा संजीव, उप महाप्रबंधक (मा.संसा.) द्वारा  डॉ. आत्माराम शर्मा, प्रबंधक (आईटी) बतौर अतिथि व्‍याख्‍याता के रुप में अभिनंदन किया गया ।

कार्यशाला के दौरान डॉ.शर्मा कहा कि, डिजिटल युग में हिंदी में काम करना अब कोई चुनौती नहीं, बल्कि एक बड़ी सुविधा बन चुकी है । उन्होंने जोर दिया कि ई-ऑफिस और पेपरलेस कार्यसंस्कृति के इस दौर में यूनिकोड और एआई जैसे टूल्स हिंदी को वैश्विक पहचान दिला रहे हैं ।

कार्यशाला के दौरान डॉ. शर्मा ने प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीक के विभिन्न पहलुओं से भी अवगत कराया । इसमें प्रमुख रूप से यूनिकोड का महत्व, इनस्क्रिप्ट और फोनेटिक कीबोर्ड का व्यवहारिक उपयोग तथा 'वॉयस टाइपिंग' जैसी तकनीक का प्रदर्शन शामिल था, जिससे लंबी रिपोर्ट्स और नोटिंग महज कुछ ही मिनटों में तैयार की जा सकती है । सत्र में जेमिनी जैसे एआई टूल्स, ई-ऑफिस पोर्टल पर हिंदी नोटिंग और सरकारी अनुवाद ऐप 'लीला' व 'कंठस्थ' के प्रभावी उपयोग के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई ।

कार्यशाला के अंत में  रेशमा संजीव, उपमहाप्रबंधक (मा.संसा.) ने कहा कि एनएचडीसी में प्रत्‍येक तिमाही में हिंदी कार्यशाला का आयोजन हिंदी भाषा में कार्य करने में आने वाली कठिनाइयों व उनके समाधान के लिए किया जाता है और इसका मुख्य उद्देश्य राजभाषा के प्रचार प्रसार को बढ़ाना है ताकि सभी कार्मिक आत्मनिर्भरता से शत प्रतिशत कार्य हिंदी भाषा में कर सके ।