एवीएस न्यूज.मैहर 
 विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर RCCPL Private Limited की सामाजिक विकास शाखा द्वारा प्लांट एवं माइंस क्षेत्र के ग्रामों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सतत विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों, बच्चों और किशोरी बालिकाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

ग्राम भैसासुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में ग्राम सरपंच Pritam Singh Bundela, आरसीसीपीएल के कमर्शियल विभाग से Sumit Agrawal एवं Manoj Singh, ग्राम सचिव, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, वरिष्ठ नागरिक, किशोरी बालिकाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत “ग्लोबल वार्मिंग”, “पृथ्वी बचाओ” और “पर्यावरण संरक्षण” विषयों पर चित्रकला प्रतियोगिता से हुई। प्रतियोगिता में बच्चों और किशोरियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और प्रकृति के प्रति अपनी संवेदनशीलता प्रदर्शित की।

इस अवसर पर लक्ष्मी सिंह ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण तथा प्लास्टिक के न्यूनतम उपयोग की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में सरपंच प्रीतम सिंह बुंदेला ने कहा कि ग्राम पंचायत और ग्रामीणजन गांव को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं तथा इस दिशा में आरसीसीपीएल के प्रयासों को पूरा सहयोग देंगे।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्राथमिक शाला भैसासुर परिसर में सामूहिक स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। इसमें सभी प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए विद्यालय परिसर की सफाई की। साथ ही प्लास्टिक उपयोग कम करने का संदेश देते हुए ग्रामीणों के बीच कपड़े के झोलों का वितरण किया गया।

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में भैसासुर, खेरवाकला, सलैया और घुरवाई ग्रामों में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिताओं में कुल 105 किशोरी बालिकाओं ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

आरसीसीपीएल की सामाजिक विकास शाखा द्वारा आयोजित इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली और सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कंपनी का मानना है कि सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक और स्थायी बदलाव लाया जा सकता है।